शहर

मुंबई में फिर मंडराया जल संकट! 15 मई से बदलेगा पानी सप्लाई सिस्टम, जलाशयों में घटा जलस्तर

मुंबई में जलाशयों के घटते पानी के स्तर को देखते हुए हुए BMC ने 15 मई से 10 प्रतिशत पानी कटौती लागू करने का फैसला लिया है। यह कटौती मुंबई के साथ ठाणे, भिवंडी-निजामपुर और आसपास के इलाकों में भी लागू होगी।

Image

water mumbai

Mumbai Water Cut: मुंबई में बढ़ती पानी की कमी को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने बड़ा फैसला लिया है। 15 मई से पूरे शहर में 10 प्रतिशत पानी कटौती की जाएगी। बीएमसी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक मुंबई को पानी सप्लाई करने वाले झीलों और जलाशयों में लगातार पानी का स्तर घट रहा है। ऐसे में एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है। बीएमसी ने नागरिकों से पानी बचाने की भी अपील की है।

IMD ने जताई कमजोर मानसून की आशंका

बीएमसी प्रशासन का कहना है कि मुंबईवासियों को घबराने की जरूरत नहीं है। साथ ही लोगों को पानी का इस्तेमाल सोच-समझकर और बचत के साथ इस्तेमाल करने की सलाह दी है। प्रशासन के अनुसार, महाराष्ट्र सरकार के जल संसाधन विभाग के निर्देश और मौसम विभाग (IMD) की भविष्यवाणी को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। मौसम विभाग ने अल नीनो और इंडियन ओशन डाइपोल (IOD) के प्रभाव से अगले मानसून के कमजोर रहने की आशंका जताई है।

मुंबई के जलाशयों में कितना पानी?

बीएमसी के मुताबिक सोमवार तक मुंबई को पानी की आपूर्ति करने वाले जलाशयों में कुल 3,40,399 मिलियन लीटर पानी उपलब्ध है। हालांकि शहर को सालाना 14,47,363 मिलियन लीटर पानी की जरूरत पड़ती है। इसका मतलब ये है कि शहर में अब केवल 23.52 प्रतिशत उपयोगी जल भंडार बचा हुआ है। राहत की बात ये है कि भाटसा बांध के रखरखाव भंडार से 1,47,092 मिलियन लीटर और ऊपरी वैतरणा बांध से 90,000 मिलियन लीटर अतिरिक्त पानी की आपूर्ति मिलेगी। इसके बावजूद प्रशासन ने अभी पानी की बचत करना जरूरी बताया है।

इन शहरों में भी होगी पानी की कटौती

बीएमसी के अनुसार 10 प्रतिशत पानी कटौती सिर्फ मुंबई में ही नहीं होगी, बल्कि ठाणे, भिवंडी-निजामपुर नगर निगम और आसपास के गांवों में भी यह फैसला लागू होगा। बीएमसी ने स्पष्ट किया है कि यह कटौती तब तक जारी रहेगी, जब तक पर्याप्त बारिश और जलाशयों में जलस्तरों में सुधार नहीं हो जाता। इससे पहले बीएमसी ने 5 और 6 मई के बीच कई इलाकों में 30 घंटे तक पानी सप्लाई बंद भी की थी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article