शहर

मानसून की देरी से गहराया मुंबई में जल संकट, BMC ने लागू किए सख्त पानी कटौती के नियम और कड़े प्रतिबंध

देरी से आए मानसून के चलते मुंबई में पानी की गंभीर किल्लत पैदा हो गई है, जिससे बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) को कड़े प्रतिबंध लगाने पड़े हैं। शहर में जल भंडार का स्तर तेजी से गिरकर चिंता जनक स्थिति में पहुंच गया है। इसी कारण पानी के उपयोग और आपूर्ति पर कई सख्त नियम लागू किए गए हैं।

Image

मुंबई में पानी संकट चरम पर, BMC ने लिया बड़ा फैसला

Photo : PTI

Mumbai News: मुंबई में देरी से आए मानसून के कारण बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने पानी की आपूर्ति पर सख्त कदम उठाए हैं। बीएमसी ने औद्योगिक इकाइयों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और खेल क्लबों को दी जाने वाली दैनिक पानी सप्लाई में 20 प्रतिशत की कटौती लागू कर दी है। यह फैसला इसलिए लिया गया है क्योंकि मुंबई को पानी देने वाले झीलों में जल भंडार खतरनाक स्तर तक गिरकर मात्र 10.35 प्रतिशत रह गया है। यह आंकड़ा 16 जून तक का बताया गया है, जैसा कि बीएमसी ने मंगलवार को जारी सर्कुलर में स्पष्ट किया।

पानी की बर्बादी या दुरुपयोग करने वालों पर सख्त जुर्माना

इसके साथ ही शहर में पहले से लागू 10 प्रतिशत पानी कटौती को भी जारी रखा जाएगा ताकि उपलब्ध जल भंडार को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सके। नगर निगम ने चेतावनी दी है कि पीने के पानी की बर्बादी या दुरुपयोग करने वालों पर सख्त जुर्माना लगाया जाएगा। बीएमसी ने यह भी आदेश दिया है कि फिलहाल किसी भी नए निर्माण प्रोजेक्ट को पानी का कनेक्शन नहीं दिया जाएगा। साथ ही, निर्माण स्थलों पर दिए गए सभी अस्थायी जल कनेक्शन तुरंत प्रभाव से बंद कर दिए जाएंगे।

पुनर्चक्रित या शोधित सीवेज पानी का इस्तेमाल

नए आदेश के तहत भारी उद्योगों, जैसे पश्चिम रेलवे, मध्य रेलवे, आरसीएफ, एचपीसीएल, बीपीसीएल, एमआईडीसी के साथ-साथ नौसेना को अब अपने संचालन कार्यों के लिए अनिवार्य रूप से पुनर्चक्रित या शोधित सीवेज पानी का उपयोग करना होगा। इसके अलावा, एरेटेड और पैकेज्ड पेयजल बोतलिंग संयंत्रों को पानी की आपूर्ति सीमित कर दी गई है और केवल कर्मचारियों की पीने की आवश्यकता को पूरा करने तक ही इसे सीमित रखा जाएगा। नगर निगम ने यह भी बताया है कि शहर के सभी स्विमिंग पूलों की पानी आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है।

नागरिकों से की गई अपील

बीएमसी ने यह भी निर्देश दिया है कि पीने योग्य पानी का इस्तेमाल वाहनों की धुलाई, बागवानी और सड़कों की सफाई जैसे कार्यों में पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नागरिकों से अपील की गई है कि ऐसे कामों के लिए बोरवेल या कुएं के पानी का इस्तेमाल किया जाए। इसके साथ ही सार्वजनिक शौचालयों को लेकर भी सख्त नियम लागू किए गए हैं। संचालकों को निर्देश दिया गया है कि वे अधिकतम रूप से टैंकर और बोरवेल के पानी का उपयोग करें। मुंबई की जल आपूर्ति मुख्य रूप से वर्षा पर निर्भर करती है। शहर को पीने का पानी सात झीलों से मिलता है, जिनमें ऊपरी वैतरणा, मोडक सागर, तानसा, मध्य वैतरणा, भातसा, विहार और तुलसी शामिल हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article