मुंबई

मुंबई एयरपोर्ट पर जंगली जीवों की तस्करी का पर्दाफाश, बैग से निकले इगुआना-लिजर्ड जैसे दुलर्भ जीव

मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने जंगली जीवों की तस्करी का पर्दाफाश किया है। इस मामले में एक यात्री को गिरफ्तार किया गया है। जिसके बैग से दुलर्भ विदेशी प्रजातियों के जीवित और मृत जीव मिले हैं। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और जीवों को वन विभाग को सौंप दिया गया है।

Image

जंगली जीवों की तस्करी का भंडाफोड़

Mumbai News: छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशन एयरपोर्ट पर मुंबई कस्टम्स जोन-III के अधिकारियों ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वन्यजीव तस्करी का सनसनीखेज मामला उजागर किया। विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर अधिकारियों ने बैंकॉक से फ्लाइट नंबर 6E 1060 से पहुंचे एक यात्री को रोका और उसके पास से जिंदा विदेशी जीव बरामद किए।

ट्रॉली बैग में मिले दुर्लभ विदेशी प्रजाति के जीव

जांच के दौरान जब कस्टम अधिकारियों ने यात्री का ट्रॉली बैग खोला तो उसके अंदर जीवित और मृत दुर्लभ विदेशी प्रजातियों को देखकर सभी दंग रह गए। बरामद जीवों में 19 इगुआना, 10 ऑरेंज बियर्डेड ड्रैगन, 1 मृत रैकून, 1 जीवित क्विंस मॉनिटर लिज़र्ड, 3 गिलहरियाँ जिनमें 2 गंभीर अवस्था में और 1 मृत थी, तथा 2 मृत सेंट्रल अमेरिकन स्क्विरल मंकी शामिल हैं। सभी जीवों को यात्री ने बड़े ही चालाकी से ट्रॉली बैग के अंदर छिपा रखा था ताकि जांच से बचा जा सके। हालांकि, सतर्क अधिकारियों ने संदिग्ध गतिविधि देखते हुए बैग की स्कैनिंग की, जिसमें यह जंगली जीवों की तस्करी का मामला सामने आया।

Mumbai wildlife

ट्रॉली बैग में मिले वन्यजीव

वन विभाग को सौंपे गए जीव

कस्टम विभाग ने आरोपी यात्री को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 तथा वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया है। बरामद जीवों को वन विभाग को सौंप दिया गया है ताकि उनका उचित इलाज और देखभाल हो सके। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों में विदेशी प्रजातियों को अवैध रूप से देश में लाने का प्रयास अक्सर पालतू पशु व्यापार या अवैध एक्सॉटिक पेट मार्केट के लिए किया जाता है। मुंबई एयर कस्टम्स ने कहा कि वह इस तरह की तस्करी पर लगातार नजर रखे हुए है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जुड़े सिंडिकेट्स की पहचान के लिए जांच जारी है।

Rakesh Kamal Trivedi
राकेश त्रिवेदीauthor

20 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ टीवी पत्रकारिता में सक्रिय, वर्तमान में TIMES NOW नवभारत में न्यूज़ एडिटर। क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज़्म में मजबूत पकड़ के साथ महाराष्ट्र की राजनीति और हाई-इम्पैक्ट राष्ट्रीय खबरों पर गहरी नज़र। डेटा-ड्रिवन रिसर्च, निर्भीक सवाल, ऑन-ग्राउंड एक्सपीरियंस और बेबाक विश्लेषण का संतुलित मिश्रण उनकी शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article