Vande Bharat Express: Diamond City of India कहे जाने वाले गुजरात के सूरत में वंदे भारत एक्सप्रेस के दरवाजे नहीं खुलने के कारण ट्रेन एक घंटे तक रेलवे स्टेशन पर रुकी रही। यह ट्रेन अहमदाबाद से मुंबई की ओर जा रही थी। सूरत स्टेशन पर कोच 14C के ऑटोमैटिक दरवाजे नहीं खुले। जिसके कारण कई यात्री परेशान दिखे।
बताया जा रहा है कि किसी तकनीकी खराबी के चलते गेट ऑटोमैटिक नहीं खुले। इस दौरान कोच के गेट को खोलने की तमाम कोशिशें की गईं। लेकिन ऑटोमैटिक गेट नहीं खुले। जिसके बाद दरवाजों को मैन्युअल तरीके से खोला गया और यात्री ट्रेन से उतर सके।
इस तकनीकी खराबी के चलते ट्रेन एक घंटे तक सूरत स्टेशन पर रुकी रही। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। यह वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया है।
बता दें कि वंदे भारत ट्रेन, देश की आधुनिक ट्रेन है। यह सेमी हाइस्पीड ट्रेन ऐसे दो शहरों के बीच चलाई जाती है, जिनकी दूरी करीब 8 घंटे में पूरी हो जाती है। वंदे भारत ट्रेनें देश के बदलते स्वरूप और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का नमूना हैं। जल्द ही स्लीपर वंदे भारत चलाए जाने की तैयारी भी है।
इसके अलावा छोटे रूप पर वंदे भारत मेट्रो भी चलाई जाने की योजना है। वंदे भारत को ट्रेन-18 प्रोजेक्ट के तहत शुरू किया गया था। पायलट प्रोजेक्ट के सफल रहने के बाद इसे वंदे भारत नाम से शुरू किया गया। आज देश के अलग-अलग शहरों से वंदे भारत चलाए जाने की मांग उठ रही है। जल्द ही बिहार में 11 स्टेशनों से वंदे भारत ट्रेन चलाए जाने की योजना है।
