Mumbai News: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। उनकी फिल्म के सेट पर एक अनजान शख्स घुस गया, जिससे हड़कंप मच गया। जब उस व्यक्ति से पूछताछ की गई, तो उसने लॉरेंस बिश्नोई का नाम लिया। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, मुंबई के दादर वेस्ट में चल रही सलमान खान की फिल्म की शूटिंग के दौरान एक अज्ञात युवक ने हंगामा खड़ा कर दिया। युवक ने कथित तौर पर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम लेते हुए धमकी दी, जिसके बाद उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
क्या हुआ?
शूटिंग के दौरान युवक शूटिंग देखने आया था, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोक दिया। इस बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया और युवक ने गुस्से में लॉरेंस बिश्नोई का नाम ले लिया। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और युवक को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस जांच में क्या सामने आया?
पुलिस के अनुसार, युवक मुंबई का ही रहने वाला है। पुलिस ने युवक के पिछले रिकॉर्ड की जांच की है, लेकिन अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि युवक शायद सलमान खान का फैन था और उसने शायद गुस्से में लॉरेंस बिश्नोई का नाम लिया होगा।
सलमान खान को पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
गौरतलब है कि सलमान खान को पहले भी कई बार लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से धमकियां मिल चुकी हैं। हाल ही में उन्हें 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी और उनके घर के बाहर गोलीबारी भी हुई थी। सलमान के करीबी बाबा सिद्दीकी की भी हत्या कर दी गई थी, जिसमें भी लॉरेंस गैंग का नाम सामने आया था।
