मुंबई

उद्धव का आरोप, निकाय चुनावों में हो रहा काले धन का इस्तेमाल; नासिक कुंभ को लेकर कही ये बात

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने हालिया प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए, जिनमें चुनाव प्रचार में काले धन के इस्तेमाल और किसानों की अनदेखी जैसे मुद्दे शामिल रहे। उन्होंने वंदे मातरम विवाद, मुंबई की बिगड़ती वायु गुणवत्ता और नासिक कुंभ 2026 की तैयारियों पर भी सरकार की नीतियों को कठघरे में खड़ा किया।

Image

उद्धव ठाकरे (फाइल फोटो: ANI)

Photo : ANI

Maharashtra News: महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री नगर निकाय चुनावों के प्रचार के लिए जगह-जगह घूम रहे हैं, जहां बड़े पैमाने पर काले धन का उपयोग साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि लगभग 8–10 दिन पहले वे मराठवाड़ा में किसानों से मिले थे, लेकिन सरकार का कोई भी मंत्री अब तक किसानों से संवाद करने नहीं पहुंचा। इसके बजाय चुनाव प्रचार में सिर्फ पैसों से भरे बैग बांटे जा रहे हैं।

संसद में ‘वंदे मातरम’ नहीं होने देने के मुद्दे पर उद्धव ठाकरे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एक ओर राम मंदिर पर भगवा ध्वज लहरा रहे हैं, जबकि दूसरी ओर उनके ही लोग संसद में इसके विपरीत काम कर रहे हैं। उन्होंने टिप्पणी की—“मुंह में राम, और बगल में अडानी।” ठाकरे ने कहा कि संसद के नए नियमों के अनुसार ‘वंदे मातरम’ का उच्चारण प्रतिबंधित किया गया है, जबकि इसके 75 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री ने ही बड़ा संबोधन दिया था। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि उनके सांसद संसद में ‘वंदे मातरम’ ज़रूर गाएंगे, और अगर हिम्मत है तो उन्हें रोककर दिखाया जाए।

वायु गुणवत्ता पर क्या कहा उद्धव ठाकरे ने?

उद्धव ठाकरे ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में मुंबई की वायु गुणवत्ता लगातार बिगड़ती जा रही है और अब शहर की हवा जहरीली हो चुकी है। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने आरे कारशेड परियोजना पर रोक लगाई थी और इसके विकल्प के रूप में कांजुरमार्ग का सुझाव दिया था, लेकिन मौजूदा सरकार ने आरे में पेड़ों की कटाई कर दी। उनके अनुसार इस पूरे मामले में कोई ठोस योजना नहीं है, केवल ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। ठाकरे ने यह भी उल्लेख किया कि संजय गांधी नेशनल पार्क एक प्राकृतिक वन क्षेत्र है, जहां वन्यजीव रहते हैं, लेकिन वहां भी विकास योजना लागू करने की कोशिश की जा रही है।

नासिक कुंभ 2026 पर बोले उद्धव ठाकरे

उद्धव ठाकरे ने नासिक कुंभ 2026 को लेकर कहा कि प्रयागराज में हुई भगदड़ में कई लोगों की जान गई थी। अब सरकार नासिक में कुंभ आयोजन के लिए तपोवन क्षेत्र को हटाकर ‘साधुग्राम’ बनाने की योजना बना रही है, जो उस स्थान से जुड़ा है जहां भगवान राम, सीता और लक्ष्मण ठहरे थे। ठाकरे ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध साधुग्राम से नहीं है, बल्कि तपोवन को खत्म करने के फैसले से है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस योजना के तहत पेड़ों की कटाई की जाएगी। गिरीश महाजन ने दावा किया है कि एक पेड़ काटने पर दस नए पेड़ लगाए जाएंगे, लेकिन ठाकरे का सवाल है कि साधुग्राम किसी दूसरी जमीन पर क्यों नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि बाद में वहां कॉन्फ्रेंस हॉल बनाने की योजना है और बीजेपी का हिंदुत्व पूरी तरह से दिखावटी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article