CNG Price Hike: सीएनजी की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है। सीएनसी की रेट लगभग चार रुपये बढ़ा दी गई है। दिल्ली में आज, 29 अगस्त को सुबह 6 बजे से CNG की कीमतों में 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई है। इसे लेकर कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने दावा किया कि CNG के दाम में 3.89 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है और पिछले छह वर्षों में इसकी कीमत करीब दोगुनी हो गई है।
कांग्रेस के मुताबिक, अगस्त 2020 में सीएनजी की कीमत करीब 43.80 रुपये थी, जो अगस्त 2026 में बढ़कर 86.98 रुपये प्रति किलो हो गई है। पार्टी ने आरोप लगाया कि छह साल में सीएनजी करीब 43 रुपये महंगी हुई है। कांग्रेस ने बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए इसे आम लोगों की जेब पर बढ़ता बोझ बताया है।
बता दें कि सीएनजी की खुदरा कीमत ₹83.09 प्रति किलोग्राम से बढ़कर ₹86.98 प्रति किलोग्राम हो जाएगी। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने शुक्रवार को दिल्ली में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की खुदरा कीमत में 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की घोषणा की। जिसके बाद आज से नए रेट पर सीएनजी गैस स्टेशनों पर उपलब्ध होगी।
सीएनजी क्यों हुआ महंगा?
आईजीएल ने कहा कि यह बढ़ोतरी इसलिए जरूरी हो गई थी क्योंकि CNG सेगमेंट में इस्तेमाल होने वाली गैस का एक बड़ा हिस्सा इम्पोर्टेड स्पॉट एलएनजी से आता है। कंपनी ने कहा कि भारत की आर्थिक तरक्की और ग्राहकों की बढ़ती मांग के साथ-साथ CNG की खपत में भी काफी बढ़ोतरी हुई है, जिससे इम्पोर्टेड गैस की जरूरत और बढ़ गई है।
