मुंबई

Jalgaon News: Reel बनाने का जुनून बना जानलेवा, चलती ट्रेन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत, लापरवाही ने ली जान

Jalgaon News: महाराष्ट्र के जलगांव जिले में रेलवे ट्रैक पर रील बनाने की चक्कर में दो युवक चलती ट्रेन की चपेट में आ गए। इस हादसे में दोनों की मौके पर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने दोनों युवकों के शव को जब्त किया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

Image

महाराष्ट्र के जलगांव में रील बनाने के शौक में गई दो युवकों की जान

Jalgaon News: महाराष्ट्र के जलगांव जिले में रील बनाने का शौक दो जिगरी दोस्तों के लिए जानलेवा साबित हुआ। यहां रील बनाने की चक्कर में ट्रेन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच पुलिस की टीम ने बताया कि यह हृदयविदारक घटना रविवार शाम को धरणगांव तहसील के पालधी स्थित रेलवे फाटक के पास की है। भुसावल जा रही अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक युवकों की पहचान हर्षल नन्नावरे और प्रशांत खैरनार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के शवों को ट्रेन के नीचे से बरामद किया और मामले की जांच में जुट गई।

चलती ट्रेन के साथ रील बनाते हुए हादसे का शिकार हुए युवक

मृतक युवकों के दोस्तों और गांव के लोगों ने बताया कि हर्षल और प्रशांत सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थे और वह अक्सर एक-दूसरे की रील बनाया करते थे। इसी 'रीलबाजी' के चलते वे रविवार शाम को रेलवे पटरी के पास पहुंचे थे। गांव वालों के अनुसार, दोनों रेलवे पटरी पर आती हुई ट्रेन के साथ रील बनाने में व्यस्त थे। इस दौरान, वे ट्रेन की गति और दूरी का सही से अंदाजा नहीं लगा पाए और सेल्फी लेने या रील बनाने की कोशिश में ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

युवाओं में बढ़ते रील बनाने के जुनून पर सवाल

यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर युवाओं में खतरनाक स्टंट और जोखिम भरे स्थानों पर रील बनाने के बढ़ते जुनून पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। रील बनाने का नशा लोगों पर इस प्रकार चढ़ रहा है कि उन्हें अपने साथ-साथ अन्य लोगों की जान की भी परवाह नहीं होती है। रील बनाने की होड़ में अक्सर यह लोग सुरक्षा मानकों को पूरी तरह नजरअंदाज कर देते हैं, जिसका परिणाम हमेशा भयावह हादसों के रूप में सामने आता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या घटनास्थल पर कोई प्रत्यक्षदर्शी मौजूद था।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article