मुंबई

Thane: बुरी आत्माओं को भगाने के नाम पर गहने-पैसे लेकर भागा बाबा, बोला- नहीं कराई पूजा तो 8 दिन में मर जाएगा पति

एक बार फिर अंधविश्वास के फेर में पड़कर एक परिवार को बड़ी चपत लग गई। मामला महाराष्ट्र के ठाणे जिले का है, जहां एक तांत्रिक ने शराब छुड़ाने और बुरी आत्माओं से मुक्ति दिलाने की बात कहकर एक महिला से पैसे और गहने लूटकर फरार हो गया। पुलिस ने तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया है।

Image

नवी मुंबई के इलाके से पुलिस ने किया गिरफ्तार

Photo : Times Now Digital

Thane News: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक तांत्रिक ने ‘बुरी आत्माओं’ से मुक्ति दिलाने के नाम पर एक परिवार से 2.7 लाख रुपये नकद और सोने के गहनों की ठगी कर ली। पुलिस ने तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। मीरा रोड स्थित काशीगांव की एक 45 वर्षीय महिला ने इस संबंध में 1 जुलाई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।

अंधविश्वास के नाम पर किया कांड

पुलिस उपायुक्त प्रकाश गायकवाड़ ने इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि अप्रैल के महीने में सुशील कुमार पाटीदास उर्फ अयोध्याप्रसाद गिरि नाम का एक शख्स पीड़िता के घर के सामने वाले मकान में रहने आया। जिसके बाद उसने महिला के परिवार से मित्रता कर ली और दावा किया कि वह ऐसे अनुष्ठान कर सकता है जिससे पीड़िता के पति और देवर की शराब की लत छूट जाएगी, घर से बुरी आत्माएं चली जाएंगी और उन्हें छिपा हुआ खजाना मिल जाएगा।

आरोपी ने पीड़िता से यह भी कहा कि उसके पति पर बुरी आत्मा का साया है और आठ दिनों के भीतर उसकी मृत्यु हो जाएगी। इसे टालने के लिए अनुष्ठान और पूजा आवश्यक है और इसमें पांच लाख का खर्च आएगा। आरोपी ने 14 मई की रात को अपने घर पर एक अनुष्ठान किया, जिसमें पीड़िता और उसका पति भी शामिल हुआ।

गहने और पैसे लेकर भागा तांत्रिक

पुलिस ने बताया कि पीड़िता ने आरोपी को अपने परिवार और रिश्तेदारों से इकट्ठा किए गए 2.7 लाख रुपये नकद और 84 ग्राम सोने के आभूषण सौंप दिए। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता से कहा कि पैसे और गहने एक बक्से में सुरक्षित हैं और उन्हें 45 दिनों तक बंद रखना है। बाद में उसने उन्हें बताया कि वह अपने 'गुरु' के घर जा रहा है और तय समय के बाद वापस आकर उनका सामान लौटा देगा। बाद में जब महिला को संदेह हुआ तो वह आरोपी के घर गई जहां उसे बक्सा खाली मिला।

नवी मुंबई इलाके से हुआ गिरफ्तार

उसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और शुक्रवार को नवी मुंबई के तुर्भे से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) (धोखाधड़ी) और 316(2) (आपराधिक विश्वासघात) तथा महाराष्ट्र मानव बलि, अन्य अमानवीय और अघोरी प्रथाओं और काला जादू निवारण एवं उन्मूलन अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी का असली नाम सुशील कुमार पतिदास था और वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के झांसी का रहने वाला है।

(इनपुट- भाषा)

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article