मुंबई

मुंबई में हादसा; साकी नाका इलाके में रिटेनिंग वॉल ढही, एक महिला की मौत

शुक्रवार को मुंबई के अंधेरी स्थित साकी नाका इलाके में एक दुखद हादसा हुआ, जब गुलाब बाबा सोसायटी में अचानक रिटेनिंग वॉल गिर गई। इस हादसे में एक महिला की जान चली गई है।

Image

सांकेतिक तस्वीर

Mumbai News: मुंबई शहर के अंधेरी इलाके के साकी नाका क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। गुलाब बाबा सोसायटी में अचानक रिटेनिंग वॉल (सपोर्टिंग दीवार) ढह गई, जिसमें एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान 45 वर्षीय मंगला गावंकर के रूप में हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दोपहर के समय यह दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और मंगला गावंकर उसकी चपेट में आ गईं। हादसे के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल महिला को आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पास के अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मुंबई में लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में मिट्टी धंसने और निर्माणाधीन ढांचों के गिरने की घटनाएं बढ़ गई हैं। साकीनाका की यह घटना भी इसी से जोड़कर देखी जा रही है।

दूसरी ओर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मंडावली में भी शुक्रवार को बारिश के बीच एक खाली पड़े मकान की दीवार गिर गई। इस हादसे में घर लौट रहे तीन स्कूली बच्चे बाल-बाल बच गए। बच्चों को मामूली चोटें आईं है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "बड़ा चौक के पास मंडावली से दोपहर 12.58 बजे एक कॉल आई, जिसमें एक महिला ने बताया कि एक दीवार गिर गई है और कुछ स्कूली बच्चे उसके नीचे फंस गए हैं।"

इस बीच, दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय लोगों और एक पीसीआर टीम ने तीनों बच्चों को बचा लिया है। डीएफएस के एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें दोपहर एक बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद पांच दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।

Rakesh Kamal Trivedi
राकेश त्रिवेदीauthor

20 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ टीवी पत्रकारिता में सक्रिय, वर्तमान में TIMES NOW नवभारत में न्यूज़ एडिटर। क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज़्म में मजबूत पकड़ के साथ महाराष्ट्र की राजनीति और हाई-इम्पैक्ट राष्ट्रीय खबरों पर गहरी नज़र। डेटा-ड्रिवन रिसर्च, निर्भीक सवाल, ऑन-ग्राउंड एक्सपीरियंस और बेबाक विश्लेषण का संतुलित मिश्रण उनकी शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article