Puja Khedkar News: नवी मुंबई पुलिस ने पूजा खेड़कर के घर से मिले ट्रक हेल्पर मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए निलंबित IAS अफसर के पिता दिलीप खेड़कर के बॉडीगार्ड प्रफुल सालुंखे को महाराष्ट्र के धुले से गिरफ्तार किया है। प्रफुल सालुंखे 13 सितंबर को दिलीप खेड़कर के साथ लैंड क्रूजर में मौजूद था और ट्रक हेल्पर प्रह्लाद कुमार के अपहरण में शामिल था।
पुलिस के अनुसार, प्रह्लाद कुमार को पुणे स्थित खेड़कर परिवार के घर में बंधक बनाया गया था। सुरक्षा गार्ड प्रफुल की मदद से आरोपी परिवार ने ट्रक हेल्पर का अपहरण किया और उसे कुछ समय तक कब्जे में रखा। पुलिस ने पहले ही इस मामले में पूजा खेड़कर, उसके पिता, मां और सुरक्षा गार्ड के खिलाफ FIR दर्ज की थी।
22 वर्षीय प्रह्लाद कुमार को पुणे में सुरक्षित ढंग से छुड़ाया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब बाकी फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। फरार आरोपियों में पूजा खेड़कर के पिता, माता और अन्य सहयोगियों का नाम शामिल है। एसीपी और जांच अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तारी से मामले में कई अहम सुराग मिलने की संभावना है और जल्द ही बाकी आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में आ सकते हैं।
बता दें कि 13 सितंबर को मुलुंड-ऐरोली रोड पर एक ट्रैफिक जंक्शन पर रोड रेज की घटना सामने आई। एक कंक्रीट मिक्सर ट्रक ने कार को हल्की टक्कर मार दी, जिसके बाद कार में सवार दो लोगों ने ट्रक ड्राइवर चंद्रकुमार चव्हाण और हेलपर प्रह्लाद कुमार से बहस शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने प्रह्लाद को जबरन अपनी कार में बैठा लिया और पुलिस स्टेशन ले जाने की धमकी दी।
चव्हाण ने बार-बार प्रह्लाद को फोन किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद ट्रक मालिक विलास धेरंगे ने राबले पुलिस स्टेशन में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की और ट्रक क्लीनर को पुणे स्थित खेडकर परिवार के घर से बरामद किया था।
