Building Collapsed: महाराष्ट्र के मुंबई से सटे विरार स्थित रमाबाई अपार्टमेंट नाम की चार मंजिला इमारत की चौथी मंजिल का एक हिस्सा ढह गया है। इस घटना में 12 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल हो गए। इमारत के मलबे में कुछ लोगों के फंसे होने का अभी भी अनुमान है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य की शुरुआत की गई। घायलों को बचाकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मंगलवार रात हुआ हादसा
मंगलवार रात विरार पूर्व के विजयनगर क्षेत्र में स्थित रमाबाई अपार्टमेंट की एक इमारत का हिस्सा गिर गया। इस मलबे में कई परिवार दब गए। फंसे लोगों को निकालने का काम NDRF और वसई-विरार महापालिका की अग्निशमन टीम कर रही है। शुरुआती दौर में जेसीबी मलबा हटाने के लिए अंदर तक नहीं पहुंच पा रही थी, जिससे बचावकार्य में बाधा आई। लेकिन दोपहर तक इमारत और आसपास की झोपड़ियों का कुछ हिस्सा तोड़कर रास्ता बनाने के बाद बचावकार्य तेज हो गया।
बचाव कार्य अभी जारी है
प्रशासन ने कहा कि बचाव कार्य अभी जारी है और सभी फंसे नागरिकों को जल्द सुरक्षित बाहर निकाला जाएगा। पालघर जिलाधिकारी डॉ. इंदुराणी जाखड़ ने दोपहर को घटनास्थल का दौरा कर बचावकार्य की समीक्षा की। उन्होंने महापालिका और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और मलबे में फंसे लोगों के परिजनों व इमारत के अन्य निवासियों से बातचीत की। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि बचावकार्य के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
