ट्रेविस स्कॉट के कंसर्ट से 28 लाख का सामान हुआ चोरी (तस्वीर साभार: Instagram/travisscott)
Mumbai News: मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में आयोजित मशहूर अमेरिकन रैपर ट्रेविस स्कॉट के सर्कस मैक्सिमस टूर कॉन्सर्ट में जहां हजारों लोग पहुंचे, वहीं यह इवेंट भारी अव्यवस्था, ट्रैफिक जाम और प्रदूषण के आरोपों के साथ चोरी की बड़ी वारदातों को लेकर सुर्खियों में आ गया। कॉन्सर्ट में शामिल कई लोगों ने सोशल मीडिया पर शिकायत की कि ट्रेविस स्कॉट देर से स्टेज पर पहुंचे और जल्दी निकल गए। लेकिन इससे भी बड़ा मुद्दा बना, इवेंट के दौरान हुई लाखों की चोरी।
मुंबई पुलिस के अनुसार, कॉन्सर्ट में आए लोगों के बीच कई पेशेवर जेबकतरों ने भीड़भाड़ और कम रोशनी का फायदा उठाकर बड़ी संख्या में चोरी को अंजाम दिया। ताड़देव पुलिस स्टेशन में कुल 7 केस दर्ज हुए हैं। पुलिस ने बताया कि कुल 36 लोग चोरी का शिकार हुए, जिनसे 25 से अधिक मोबाइल फोन (अधिकतर महंगे iPhones), 12 सोने की चेन, डायमंड पेंडेंट चोरी किए गए। चोरी हुए सामान की अनुमानित कुल कीमत 28 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मुंबई में आयोजित मल्टी-आर्टिस्ट कॉन्सर्ट्स में दर्ज चोरी के मामलों में यह अब तक सबसे बड़ी घटना हो सकती है।
अधिकारियों का कहना है कि जेबकतरों के एक गिरोह ने सुनियोजित तरीके से यह चोरी की। कॉन्सर्ट स्थल पर तेज संगीत, मंद लाइट और हजारों की भीड़ का फायदा उठाते हुए चोरों ने लोगों के मोबाइल, ज्वेलरी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ किया। सबसे ज्यादा चोरी की घटनाएं रात 7:30 बजे से 10:30 बजे के बीच हुईं, विशेषकर तब जब कॉन्सर्ट खत्म होने के बाद भीड़ बाहर निकल रही थी। हालांकि इवेंट स्थल पर CCTV कैमरे लगाए गए थे लेकिन भारी भीड़ और कम रोशनी के कारण संदिग्धों की पहचान करना चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है।
सभी पीड़ितों की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने मामले दर्ज कर लिए हैं और चोरी के पीछे सक्रिय गिरोह की तलाश तेज कर दी गई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम CCTV फुटेज और तकनीकी जांच की मदद से चोरों को ट्रेस करने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने पीड़ितों को आश्वासन दिया है कि उनके चोरी हुए सामान को जल्द से जल्द बरामद करने का प्रयास किया जाएगा। मुंबई में एंटरटेनमेंट इवेंट्स के बढ़ते पैमाने के बीच सुरक्षा और प्रबंधन को लेकर इस घटना ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।