मुंबई

मुंबई में ट्रैफिक खत्म करने की तैयारी; CM फडणवीस बोले- शहर में बनेगा ‘पाताल लोक’, जमीन के नीचे होगा सुरंगों का जाल

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई को ट्रैफिक जाम से राहत देने के लिए अंडरग्राउंड टनल-ग्रिड परियोजना की घोषणा की है। अगले तीन सालों में शहर के नीचे सुरंगों और पैरेलल सड़कों का विशाल नेटवर्क तैयार किया जाएगा। काम पूरा होने के बाद बांद्रा-वर्ली सी लिंक से एयरपोर्ट तक नई सुरंग से सफर सिर्फ 20 मिनट में संभव होगा।

Image

अगले तीन सालों में पूरा हो जाएगा टनल प्रोजेक्ट (फाइल फोटो | PTI)

Photo : PTI

Mumbai Tunnel Grid News: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई को ट्रैफिक जाम से मुक्ति के लिए एक बड़े परियोजना की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार अगले तीन सालों में मुंबई को “ट्रैफिक-फ्री” बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इसके तहत पूरे शहर के नीचे सुरंगों और सड़कों का विशाल नेटवर्क बनाया जा रहा है, जिसे उन्होंने मजाकिया अंदाज में ‘पाताल लोक’ कहा।

मुंबई में बनेगा अंडरग्राउंड टनल-ग्रिड

फडणवीस ने IIMUN के ‘यूथ कनेक्ट’ कार्यक्रम में कहा कि मुंबई में मौजूदा सड़कों के दबाव को कम करने के लिए अंडरग्राउंड टनल-ग्रिड तैयार की जा रही है, जो शहर के हर हिस्से को जोड़ेगी। यह नेटवर्क मौजूदा मुख्य सड़कों के समानांतर चलेगा और नागरिकों को ट्रैफिक से बड़ी राहत देगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि पश्चिमी एक्सप्रेस हाइवे पर मुंबई के करीब 60% वाहन चलते हैं, इसलिए इसका बोझ कम करना बेहद जरूरी है। नई पैरेलल सड़कें और टनल इस समस्या का स्थायी समाधान होंगे। इन नई सड़कों पर वाहनों की औसत गति 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक होगी, जबकि आज की स्थिति में यह 15-20 किमी प्रति घंटा से अधिक नहीं होती।

कई बड़े टनल प्रोजेक्ट हो रहे हैं तैयार

फडणवीस ने बताया कि ठाणे-बोरीवली टनल और मुलुंड-गोरेगांव टनल का काम तेजी से चल रहा है, जिससे मुंबई में पूर्व-पश्चिम कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा। बोरीवली-गोरेगांव के बीच पश्चिमी हाईवे के समानांतर एक नई सड़क भी तैयार की जा रही है। वर्ली से शिवड़ी तक का कनेक्टर अगले साल तैयार हो जाएगा, जिससे अटल सेतु तक पहुंचना बेहद आसान होगा। इससे उपनगरों से नवी मुंबई एयरपोर्ट तक सफर सुगम हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ईस्टर्न फ्रीवे के अंतिम छोर से गिरगांव चौपाटी तक एक और लंबी सुरंग बनाई जा रही है, जिसे तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य है। इससे दक्षिण मुंबई में ट्रैफिक जाम में भारी कमी आएगी।

सिर्फ 20 मिनट में एयरपोर्ट तक का सफर

फडणवीस ने बताया कि बांद्रा-वर्ली सी लिंक से बीकेसी तक एक नई सुरंग बनाई जा रही है, जिसे आगे एयरपोर्ट तक बढ़ाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि “इस रोड के पूरा होने के बाद साउथ मुंबई से एयरपोर्ट पहुंचने में अधिकतम 20 मिनट लगेंगे।”

मुंबई वन ऐप और एसी लोकल ट्रेनों पर जोर

सीएम ने बताया कि ‘मुंबई वन’ ऐप के जरिए मेट्रो, लोकल ट्रेन और बेस्ट बसों के लिए एक कॉमन टिकट सिस्टम शुरू किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सेकंड क्लास ट्रेन किराए में एक रुपये की भी बढ़त नहीं होगी और धीरे-धीरे सभी लोकल ट्रेनें पूरी तरह से एसी बनाई जाएंगी। फडणवीस ने कहा कि यह पूरा प्रोजेक्ट मुंबई की यातायात व्यवस्था को पूरी तरह बदल देगा और आने वाले तीन वर्षों में शहर को भारी ट्रैफिक से स्थाई राहत दिलाएगा।
Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article