मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले मुंबई शहर में रातभर हुई बारिश के बाद कई इलाकों में पानी भर गया है। बारिश के बाद कुछ निचले इलाकों में जलभराव से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। नगर निकाय अधिकारियों ने आज यानी सोमवार 21 जुलाई की सुबह यह जानकारी दी। शहर में आज सुबह से बारिश कुछ कम हुई है, लेकिन पूर्वी भागों और पूर्वी उपनगरों में भारी बारिश का दौर जारी है।
मुंबई में भारी बारिश के चलते एयर इंडिया का एक विमान थोड़ी देर के लिए रनवे से भटक गया। कोच्चि से मुंबई आ रही एयर इंडिया A320 (VT-TYA) की उड़ान AI 2744 भारी बारिश में मुंबई रनवे पर उतरते समय रनवे से थोड़ा हटकर कच्ची जगह पर चली गई। यह घटना सुबह 10:30 बजे हुई, लेकिन विमान तुरंत ही पक्की सतह पर वापस आ गया और सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
रात भर हुई भारी बारिश के कारण शहर और उपनगरों के कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। अंधेरी उपमार्ग (मुंबई के पश्चिमी भाग में) जल जमाव के कारण यातायात के लिए बंद कर दिया गया। वाहन चालकों ने सुबह के व्यस्त समय में बारिश और अन्य कारणों से ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे और वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे दोनों पर यातायात की धीमी गति की शिकायत की।
कुछ यात्रियों ने यह भी शिकायत की कि लोकल ट्रेन थोड़ी देरी से चल रही हैं। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि सोमवार सुबह आठ बजे समाप्त हुई 24 घंटों की अवधि में शहर में औसतन 23.45 मिमी बारिश दर्ज की गई। पूर्वी उपनगरों में 36.42 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 50.02 मिमी बारिश हुई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों के लिए मुंबई और उपनगरों में सामान्यतः बादल छाए रहने और मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना जताई है। साथ ही कुछ स्थानों पर गरज के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
नगर निकाय के एक अधिकारी के अनुसार, सुबह 9.19 बजे, 3.91 मीटर की ऊंची लहरें उठने के बाद रात 8.37 बजे पर 3.38 मीटर ऊंची लहर आने की संभावना है। दोपहर 3.03 बजे लो टाइड की संभवना है।
इनपुट - भाषा
