Mumbai: मुंबई में अपनी मां के साथ सड़क पर सो रही दो माह की बच्ची को पुलिस ने अपहरणकर्ता से छुड़ा लिया है। आजाद मैदान पुलिस ने बच्ची को उसके परिवार को सौंपने के साथ आरोपित मोहम्मद हनीफ शेख को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है। बता दें कि, इस आरोपित को पकड़ने के लिए मुंबई पुलिस ने आठ टीमों का गठन किया था, जो आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की कार्रवाई कर रही थी। आरोपी के खिलाफ आजाद मैदान थाने में आईपीसी की धारा 363 (अपहरण) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
बता दें कि, दक्षिण मुंबई के एलटी मार्ग पर रहने वाली 30 वर्षीय एक महिला ने आजाद मैदान थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि, वह अपनी 71 दिन की बेटी को लेकर फुटपाथ पर सो रही थी। रात के समय किसी व्यक्ति ने उसकी बच्ची का अपहरण कर लिया। नींद टूटने के बाद वह अपनी बेटी को ढूंढने लगी, जब वह नहीं मिली तो परेशान होकर आजाद मैदान पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। घटना के बाद पूरे मामले की जांच के लिए आठ टीमों का गठन किया गया था।
सीसीटीवी की मदद से पकड़ा गया आरोपी
इस पूरे मामले की जांच के लिए तीन टीमों को आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटजे खंगालने में लगाया गया। कैमरों की जांच के दौरान सेंट जेवियर्स स्कूल के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में आरोपी बच्ची को कंधे पर उठाकर ले जाता दिख गया। जिसके बाद पुलिस टीम आरोपी की पहचान करने में जुट गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, जांच के दौरान पता चला कि आरोपी पास की ही एक झुग्गी बस्ती में रहता है। इसके बाद पुलिस की चार टीमों ने वीरवार को उसके घर पर छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घर से बच्ची को भी बरामद किया। जांच में पता चला कि, आरोपी मोहम्मद हनीफ शेख की शादी को 10 साल हो चुके हैं और उसका कोई बच्चा नहीं है। जांच में पता चला है कि, बच्चे के लालच में आरोपी ने बच्ची का अपहरण किया था।
