Mumbai Monorail News: मुंबई में भारी बारिश के बीच मंगलवार शाम को मैसूर कॉलोनी और भक्ति पार्क स्टेशन के बीच एक मोनोरेल ट्रेन बिजली परोक्ष तौर पर बिजली आपूर्ति में दिक्कत आने के कारण फंस गई। बचाव कार्य के दौरान सभी यात्रियों को निकल लिया गया है। फंसी ट्रेन से निकाले गए यात्रियों ने बताया कि एलिवेटेड ट्रैक पर चलने वाली ट्रेन के अंदर दहशत का माहौल था और कई लोगों ने दम घुटने की शिकायत की क्योंकि वातानुकूलन प्रणाली बंद हो गई थी।
मुंबई मोनोरेल ने एक विज्ञप्ति में कहा कि ट्रेन में 'बिजली आपूर्ति में मामूली दिक्कत' आयी थी। मुंबई में पिछले दो दिनों से भारी बारिश हो रही है, जिससे महानगर में सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
'सभी यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता '
फडणवीस ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, 'कुछ तकनीकी कारणों से एक मोनोरेल चेंबूर और भक्ति पार्क के बीच फंस गई है। एमएमआरडीए (मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण), अग्निशमन विभाग और नगर निकाय समेत सभी एजेंसियां मौके पर पहुंच गई हैं। सभी यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।'
उन्होंने कहा, 'मैं सभी से धैर्य बनाये रखने का अनुरोध करता हूं। मैं एमएमआरडीए आयुक्त, नगर आयुक्त, पुलिस और सभी संबंधित एजेंसियों के संपर्क में हूं। इस घटना के कारणों की भी जांच की जाएगी।' दमकल विभाग तीन स्नोर्कल क्रेन की मदद से यात्रियों को ट्रेन से निकाल रहा है।
यात्रियों ने बताया कि ट्रेन शाम करीब 6.15 बजे रुकी और बचाव अभियान शुरू होने में एक घंटा लग गया। नगर आयुक्त भूषण गगरानी ने बताया कि ट्रेन में 200 से अधिक यात्री सवार हैं।
'हम यह सुनिश्चित करेंगे कि यह घटना दोबारा न हो'
मुंबई के मैसूर कॉलोनी स्टेशन के पास फंसी मोनोरेल पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकांत शिंदे ने कहा, 'हार्बर लाइन बंद होने के कारण कई यात्री मोनोरेल में यात्रा करने लगे। इससे ट्रेन में भीड़भाड़ हो गई और बिजली गुल हो गई। बिजली गुल होने के कारण आपातकालीन ब्रेक लगाए गए और ट्रेन रुक गई। हमारी प्राथमिकता यात्रियों को ट्रेन से बचाना है। मैंने नगर आयुक्त से बात की है। एमएमआरडीए, बीएमसी, फायर ब्रिगेड और पुलिस के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। मैंने कुछ यात्रियों से भी बात की है। बचाव अभियान कुछ ही देर में पूरा हो जाएगा। मेडिकल टीमें मौके पर मौजूद हैं। यात्री जल्द ही सुरक्षित अपने घर पहुंच जाएंगे। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि यह घटना दोबारा न हो।'
कहा जा रहा है कि कुछ यात्रियों को सांस लेने में दिक्कत महसूस हुई। अधिकारियों ने कहा, 'फिलहाल, वडाला और चेंबूर के बीच सेवाएं सिंगल लाइन पर सुचारू रूप से चल रही हैं। हम आपके धैर्य के लिए तहे दिल से आपका धन्यवाद करते हैं और आपको विश्वास दिलाते हैं कि आपकी सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।'
मुंबई में यात्रियों को भारी परेशानी
भारी बारिश के कारण, मंगलवार को मुंबई में यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा क्योंकि मुंबई में मूसलाधार बारिश के बाद पटरियों के जलमग्न होने के कारण मध्य रेलवे की मुख्य और हार्बर लाइनों पर लोकल ट्रेन सेवाएं बाधित रहीं।
'रेलवे अधिकारियों को ट्रेन संचालन निलंबित करना पड़ा'
अधिकारियों ने बताया कि कुछ जगहों पर पटरियां 17 इंच तक पानी में डूब गईं। मध्य रेलवे ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (दक्षिण मुंबई में) और ठाणे के बीच मुख्य लाइन पर और सीएसएमटी और कुर्ला के बीच हार्बर लाइन पर अपनी उपनगरीय सेवाएं निलंबित कर दीं।सायन और कुर्ला सेक्शन में पटरियों से पानी आठ इंच तक ऊपर उठ गया, जिससे रेलवे अधिकारियों को ट्रेन संचालन निलंबित करना पड़ा। उन्होंने बताया कि कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों का समय पुनर्निर्धारित या रद्द कर दिया गया और मध्य रेलवे ने फंसे हुए यात्रियों की मदद के लिए विभिन्न स्टेशनों पर सहायता केंद्र स्थापित किए।
