मुंबई

मुंबई मेट्रो से उठा धुआं? बीच रास्ते में अटकी ट्रेन, यात्रियों ने तुरंत खाली...

एमएमआरसीएल के एक प्रवक्ता ने ट्रेन में आग या धुयें की बात से इनकार किया है। बयान में कहा गया है कि एहतियात के तौर पर ट्रेन को सांताक्रूज़ स्टेशन पर सुरक्षित रूप से खाली करा लिया गया और बाद में विस्तृत तकनीकी निरीक्षण के लिए बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स लूपलाइन पर ले जाया गया।

Image

मुंबई मेट्रो (फोटो-@MMMOCL_Official)

मुंबई : मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एमएमआरसीएल) ने बताया कि वर्ली जाने वाली एक भूमिगत मेट्रो ट्रेन में शुक्रवार की दोपहर ‘तकनीकी समस्या’ आने के बाद उसे खाली करा लिया गया। एमएमआरसीएल ने शुक्रवार को बयान जारी कर बताया कि मुंबई मेट्रो लाइन-3 पर आचार्य अत्रे चौक की ओर जा रही ट्रेन दोपहर करीब पौने तीन बजे सांताक्रूज़ स्टेशन के पास पहुंचते समय अचानक खराब हो गयी। हालांकि बयान में समस्या की प्रकृति का उल्लेख नहीं किया गया है, लेकिन कुछ यात्रियों ने ट्रेन के एक हिस्से में धुआं निकलने की शिकायत की।

न्यूज एजेंसी पीटीआई/ भाषा के हवाले से दूसरी ओर, एमएमआरसीएल के एक प्रवक्ता ने ट्रेन में आग या धुयें की बात से इनकार किया है। बयान में कहा गया है कि एहतियात के तौर पर ट्रेन को सांताक्रूज़ स्टेशन पर सुरक्षित रूप से खाली करा लिया गया और बाद में विस्तृत तकनीकी निरीक्षण के लिए बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स लूपलाइन पर ले जाया गया।

यात्रियों को हुई असुविधा

इसमें कहा गया है कि प्रभावित सेवा रद्द कर दी गई, लेकिन अन्य सभी रेल सेवाओं का परिचालन समय पर हुआ । बयान में कहा गया है कि हमें यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है और हम उनके सहयोग की सराहना करते हैं। यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और आवश्यक प्रोटोकॉल का तुरंत पालन किया गया।

मुंबई मेट्रो लाइन-3 पहला पूर्णतः भूमिगत मेट्रो कॉरिडोर है। इस कॉरिडोर पर मेट्रो ट्रेन का परिचालन वर्तमान में आरे जेवीएलआर एवं आचार्य अत्रे चौक के बीच होता है। इस लाइन को एक्वा लाइन के नाम से भी जाना जाता है ।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article