Mumbai Crime News: मुंबई के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए महाराष्ट्र, गोवा, दिल्ली, गुजरात और आंध्र प्रदेश जैसी जगहों पर ड्रग्स का रैकेट चलाने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान एजेंसी को पता चला कि आरोपी ने इंस्टाग्राम पर 'पार्टी पैक' नाम का ग्रुप बनाया था। एजेंसी ने सिंथेटिक पार्टी ड्रग्स जैसे एलएसडी, एमडीएमए, हैश ऑयल, एनडीपीएस और कई प्रतिबंधित दवाएं जब्त की हैं।
आरोपियों की पहचान 25 वर्षीय एलेक्स वी और 24 वर्षीय शुभम भगत के रूप में हुई है। दोनों मुंबई के घाटकोपर के निवासी हैं। आरोपी भगत एक पेशेवर जिम ट्रेनर है। जांच के दौरान एनसीबी ने पाया कि एलेक्स ड्रग्स सिंडिकेट का मास्टरमाइंड था और उसने लगभग तीन साल पहले एक ऑनलाइन क्लाइंट बेस बनाया था।
लंबे वक्त से आरोपी की तलाश में भी एनसीबी
एनसीबी ने बताया है कि 'पार्टी पैक' नाम के उनके ग्रुप ने कई राज्यों के 100 से ज्यादा लोग जुड़े हुए थे। एनसीबी के अनुसार, सूचना के आधार पर मुंबई की टीम ने अगस्त में भगत के घर पर छापेमारी की थी और अलग-अलग तरह के ड्रग्स बरामद किए थे, जिनकी कीमत 10 लाख रुपए से ज्यादा थी। पूछताछ के दौरान उसने अपने सप्लायर के रूप में एलेक्स का नाम बताया। तभी से एजेंसी एलेक्स की तलाश में थी। टीम ने अब घाटकोपर इलाके से एलेक्स को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।
विशाखापत्तनम में करता था ड्रग्स सप्लाई
एनसीबी ने बताया है कि एलेक्स बहुत ही शातिर है और कई ऑनलाइन ऐप का इस्तेमाल करना बहुत अच्छे से जानता है। वह ऑनलाइन पेमेंट लेता था। एनसीबी अधिकारी ने कहा कि एक लाख से ज्यादा की खेप में उसने हवाला चैनल का इस्तेमाल भुगतान के रूप में किया है। आगे की जांच से पता चला है कि एलेक्स ने विशाखापत्तनम में एक सिंडिकेट सदस्य को ड्रग्स की आपूर्ति भी करता था। विशाखापत्तनम पुलिस ने हाल ही में इस गैंग का भंडाफोड़ किया है।
