Mumbai Crime News: मुंबई के ठाणे में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। ठाणे के कल्याण इलाके में एक शख्स ने अपनी दोनों पत्नियों की हमदर्दी हासिल करने के लिए खुद के अपहरण की साजिश रची। इस घटना को अंजाम देने में सनकी पति के साथ उसके तीन दोस्त भी शामिल थे। पति ने यह सब इसलिए किया क्योंकि उसकी दोनों पत्नी उसके साथ अच्छा बर्ताव नहीं करती थीं। पुलिस ने घटना के चार दिन बाद ठाणे जिले के शाहपुर में आरोपी पति का उसके दोस्त के घर से पता लगाया, जहां वह छिपा हुआ था। बाद में सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी का नाम संदीप गायकवाड है, जिसकी उम्र 36 साल है। बीते 14 अक्टूबर को उसकी 32 वर्षीय पत्नी सुनीता गायकवाड ने कोलसेवाड़ी पुलिस स्टेशन ने संदीप गायकवाड़ के अपहरण का मामला दर्ज करवाया था। उसकी शिकायत के अनुसार अपनी स्कूटी पार्क करने के बाद दोनों एक-दूसरे से बहस कर रहे थे।
किराए पर लिया ऑटो रिक्शा
पुलिस ने बताया है कि जेपी रोड, कल्याण पूर्व स्थित सतकार टावर में तीन लोग एक ऑटो रिक्शा में संदीप और सुनीता के पास आए। तीनों ने संदीप की पिटाई शुरू कर दी और उसको वाहन में लेकर भाग गए। पुलिस ने अनुसार सुनीता, संदीप की दूसरी पत्नी है, हालांकि उसने अभी तक अपनी पहली पत्नी को तलाक नहीं दिया है। कोलसेवाड़ी पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज को स्कैन किया और रिक्शा व उसके चालक का पता लगाया। जिसके बाद चालक ने पुलिस को बताया है कि तीन लोग जावेद खान, आकाश अभांग और अवि पाटिल ने एक दिन के लिए उसका वाहन किराए पर लिया था। तीनों से उससे कहा कि उन्हें एक व्यक्ति को लेने जाना है।
इस तरह फूटा भांडा
पुलिस के मुताबिक उन्होंने संदीप को पीटा और उसे रिक्शा में ले गए। दो किलोमीटर के बाद संदीप बुर्का पहनकर पाटिल की स्कूटी पर सवार हो गया। पुलिस को फर्जी अपहरण के मामले की पुष्टि हो गई थी। पुलिस ने जावेद को 18 अक्टूबर को उल्हासनगर के वाल्धूनी से गिरफ्तार किया, जिसके बाद जावेद ने पूरी कहानी सुनाई। मामले पर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक, महेंद्र देशमुख ने कहा है कि संदीप ने अपने दोस्तों के साथ अपहरण की योजना बनाई थी। उसने अपनी सास को अपनी दूसरी पत्नी सुनीता के खराब बर्ताव के लिए दोषी ठहराया था। उनकी पहली पत्नी भी उनके साथ नहीं रहती हैं। इसलिए, उसने इस नाटक की साजिश रची और अपने दोस्तों से अपनी सास पर अपहरण का आरोप लगाने के लिए कहा। ताकि इससे उसकी दोनों पत्नियों में उसके प्रति हमदर्दी पैदा हो सके। हमने मामले के सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
