Mumbai Crime News: कुछ अपराधिक घटनाएं ऐसी होती हैं, जो न केवल हैरान कर देने वाली होती बल्कि जानकर उनपर यकीन भी नहीं होता है। ऐसी ही एक घटना मुंबई में हुई है, जहां तीन लोगों ने सिर्फ एक शख्स की इस बात पर पीट-पीटकर हत्या कर दी क्योंकि मृतक उन तीनों में से एक को घूर रहा था। मृतक की पहचान रोनित भालेकर के तौर पर हुई है, जिसकी उम्र 28 साल की है और वह एक कॉल सेंटर में काम करता था।
पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए कहा है कि, घटना माटुंगा इलाके में एक रेस्तरां के पास हुई थी। रोनित भालेकर नशे में था। घटना के वक्त उसका दोस्त भी उसके साथ मौजूद था। पुलिस ने बताया है कि, रेस्तरां के पास तीन लोग मौजूद थे। नशे में रोनित भालेकर उन तीनों में से एक को घूर रहा था।
लात-मुक्के से बेरहमी से पीटा
घूरने को लेकर रोनित भालेकर और तीनों आरोपियों की बीच विवाद हो गया, और फिर देखते ही देखते हाथापाई हो गई। मामले की जांच कर रहे एक अधिकारी ने बताया कि, आरोपियों ने उसके सिर पर बेल्ट से कथित रूप से हमला किया। सभी ने रोनित भालेकर की छाती और पेट पर लात-मुक्के से मारा। फिर उसे जमीन पर पटक दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। मौके पर मौजूद दोस्त रोनित भालेकर को पास के सिविल अस्पताल लेकर गया, जहां उसे भर्ती करने से पहले मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
इसके बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ शाहू नगर पुलिस थाने में मामले दर्ज करवाया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या), 323, 324 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 504 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान), 506 (आपराधिक) के और 34 (कई व्यक्तियों द्वारा सामान्य इरादे से किए गए कार्य) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
