Mumbai Crime News: राह पर चलते वक्त किसके साथ कौन सा हादसा हो जाए किसी को पता नहीं होता है। बहुत बार यह हादसे हैरान कर देने वाले होते हैं। रास्ते में बहुत बार छोटी-छोटी बातों पर भी लोग लड़ लेते हैं और एक-दूसरे की जान की दुश्मन बन जाते हैं। मुंबई में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ऑटो-रिक्शा चालक ने छोटी सी बात पर उसके ऑटो में सवारी कर रहे यात्री को मौत को घाट उतार दिया।
घटना मुंबई के उपनगरीय गोरेगांव की है। यहां एक ऑटो-रिक्शा चालक ने एक शख्स की कथित तौर पर चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने बताया है कि, ऑटो-रिक्शा चालक और यात्री आपस में लड़ रहे थे। यात्री ने उसे ताने दिए जो ऑटो-रिक्शा चालक को पसंद नहीं आया और उसने गुस्से में हत्या कर दी।
मृतक आरोपी की विकलांगता का मजाक उड़ा रहा था
मृतक की पहचान मुकेश जंजारे के तौर पर हुई है, जिसकी उम्र 32 साल थी। पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया है कि, घटना मंगलवार की रात हनुमान टेकड़ी इलाके में हुई थी। एक अधिकारी ने कहा है कि, मृतक 45 साल के ऑटो-रिक्शा चालक की विकलांगता का मजाक उड़ा रहा था। साथ ही उसे ताने भी दे रहा था। मृतक की बात ऑटो-रिक्शा चालक को पसंद नहीं आई और उसने गुस्से में हत्या कर दी।
सीने और पेट में चाकू से किया हमला
पुलिस ने आगे कहा है कि, ताने मारने के मुद्दे पर लड़ाई के दौरान आरोपी ने चाकू निकाला और जंजारे के सीने और पेट में घोंप दिया। पुलिस ने यह भी बताया है कि, घटना के तुरंत बाद जंजारे को उपनगरीय जोगेश्वरी के एक नागरिक अस्पताल में ले जाया गया जहां उसे बुधवार तड़के मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद वनराई पुलिस थाने में आरोपी ऑटो-रिक्शा चालक के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तुरंत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
