Mumbai: महाराष्ट्र में नवी मुंबई के अस्पताल में शिकायत करने पहुंची 56 वर्षीय महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार इलाज के दौरान अपने बेटे की मौत के लिए चिकित्सक को जिम्मेदार ठहराने वाली महिला से छेड़छाड़ के आरोप में चिकित्सक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। महिला का आरोप है कि डॉक्टर की लापरवाही और इलाज नहीं करने के कारण उसके बेटे की मौत हो गई। महिला जब इसकी शिकायत लेकर पहुंची तो डॉक्टर ने उसकी एक न सुनी, बल्कि 56 साल के महिला के साख अभद्र बर्ताव किया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इलाज न होने पर बेटे की मौत
जानकारी के अनुसार प्राथमिकी में कहा गया कि सीबीडी बेलापुर की रहने वाली महिला के बेटे की इस साल 30 मई को मौत हो गई थी। हालांकि, प्राथमिकी में मौत का कारण और मृतक की बीमारी का उल्लेख नहीं किया गया है। सीबीडी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि महिला ने चिकित्सक पर उसके बेटे का उचित इलाज नहीं करने का आरोप लगाया है।
डॉक्टर के खिलाफा मुकदमा दर्ज
उन्होंने बताया कि जब महिला ने इस संबंध में चिकित्सक से सवाल किया तो उसने कथित तौर पर महिला के साथ अभद्र बर्ताव किया और छेड़छाड़ की। पुलिस ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर चिकित्सक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। देरी से शिकायत दर्ज कराने का कोई कारण नहीं बताया गया।
(इनपुट-भाषा)
