मुंबई

MNS कार्यकर्ता की गुंडागर्दी का वीडियो वायरल, पार्टी दफ्तर बुलाकर हिंदी भाषी महिला को जड़ा थप्पड़; जानें पूरा मामला

ठाणे के कलवा इलाके में ट्रेन में धक्का लगने के मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। जिसमें MNS कार्यकर्ता स्वरा काटे ने हिंदी भाषी महिला को पार्टी कार्यालय में थप्पड़ मारा। यह घटना मराठी बनाम हिंदी विवाद में बदल गई। जानें पूरा मामला क्या है?

Image

MNS कार्यकर्ता ने एक हिंदी भाषी महिला को मारा थप्पड़

Thane News: ठाणे में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) की गुंडागर्दी का एक और मामला सामने आया है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें एक मनसे कार्यकर्ता एक हिंदी भाषी बुजुर्ग महिला को थप्पड़ मारती हुई नजर आ रही है। यह विवाद लोकल ट्रेन में धक्का लगने की मामूली बात से शुरू हुआ था, जिसके बाद अब इसे हिंदी बनाम मराठी का मुद्दा बना दिया गया है।

ट्रेन से शुरू हुआ विवाद

यह घटना ठाणे के कलवा इलाके की बताई जा रही है। मनसे के एक्स (X) हैंडल पर पोस्ट किए गए वीडियो के मुताबिक, MNS की पदाधिकारी स्वरा काटे के पति अर्जुन काटे ट्रेन से उतरते समय गलती से एक महिला से टकरा गए थे। जिसके लिए उन्होंने तुरंत माफी भी मांगी, लेकिन उस महिला ने गुस्से में आकर उन्हें गालियां दीं। MNS का आरोप है कि महिला ने मराठी लोगों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की। इस घटना के थोड़ी देर बाद अर्जुन की पत्नी स्वरा काटे वहां पहुंची। उन्होंने अपने पति पर हुए हमले का विरोध किया और महिला को गुस्से में थप्पड़ भी जड़ दिया।

MNS दफ्तर में महिला से मंगवाई माफी

इस घटना का पता चलते ही MNS के कार्यकर्ताओं ने उस महिला को ढूंढ निकाला। जिसके बाद उसे MNS कार्यालय बुलाया गया। जहां उस हिंदी भाषी महिला से माफी मांगने को कहा गया। जब वह माफी मांग रही थी, तभी स्वरा ने सबके सामने महिला को थप्पड़ जड़ दिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि इस दौरान तीन पुरुष नेता भी वहां मौजूद थे, जबकि पीड़ित महिला की बेटी और परिजन भी मौके पर थे।

मनसे नेता विनायक बिटला ने यह वीडियो फेसबुक पर साझा किया। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी मराठी भाषा या मराठी लोगों का अपमान करेगा, उसे “सबक सिखाया जाएगा।” इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर मनसे की इस हरकत की कड़ी आलोचना हो रही है।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article