मुंबई के बांद्रा में एक अधेड़ उम्र की महिला को ऑनलाइन थाली ऑर्डर करना भारी पड़ गया। शातिर ठगों ने महिला को अपने झांसे में लेकर उसके बैंक खाते से 8.46 लाख रुपये निकाल लिए। ऑनलाइन ठगी की शिकार होने वाली 57 साल महिला बांद्रा के हिल रोड पर रहती है। महिला ने इस संबंध में बांद्रा पुलिस में मामला दर्ज कराया है। महिला ने बताया कि, उसने एक सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एक नामी रेस्टोरेंट चेन में 200 रुपये की थाली और उसके साथ एक थाली बिल्कुल मुफ्त का विज्ञापन देखा था।
महिला के अनुसार, इस लुभावने ऑफर को देखकर उसने विज्ञापन के नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक किया। इसके साथ ही महिला ने उस लिंक में जाकर अपनी पर्सनल जानकारी देने के बाद जब क्लिक किया तो पे करने के लिए डेबिट कार्ड की डिटेल मांगी गई। कार्ड की डिटेल भरने के तुरंत बाद महिला के पास दीपक नाम के एक शख्स का कॉल आया। महिला ने बताया कि, फोन करने वाले ने बताया कि, वह रेस्टोरेंट के हेड ऑफिस से बात कर रहा है। उसने महिला को बताया कि, वह उनके मोबाइल पर एक और मैसेज भेज रहा है।
आरोपियों ने 27 बार में निकाले पैसे
आरोपी द्वारा भेजे गए मैसेज में एक लिंक दिया गया था। आरोपी ने कहा कि, इस लिंक पर मांगी कई जानकारी देने के बाद आप ऑफर का फायदा उठा सकती हैं। महिला ने कहा कि, मुझे सब कुछ असली लग रहा था। इसलिए आरोपी द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक किया और इसमें एक बार फिर से अपने डेबिट कार्ड की डिटेल भरी। इसके बाद आरोपी ने महिला से कहा गया कि, वह एक स्क्रीन-शेयरिंग को डाउनलोड करें। घटना के अगले दिन महिला को उनके बैंक खाते से लेनदेन संबंधी कई मैसेज आए। जिसके बाद महिला ने अपने बैंक में पता किया तो बताया गया कि, उसके खाते से 27 बार ट्रांजैक्शन कर अब तक कुल 8.46 लाख रुपये निकाले जा चुके हैं।
