Maharashtra Flood: करीब-करीब पूरा महाराष्ट्र इस समय जोरदार बारिश के कारण भारी समस्याओं का सामना कर रहा है। सड़कों पर जमा हुआ पानी, धीमा पड़ा ट्रैफिक, जलजमाव और बाढ़ जैसी स्थितियों से पूरा राज्य जूझ रहा है। नांदेड़ से लेकर मुंबई तक दिक्कतें बढ़ी हुई हैं। भारी बरसात की वजह से कई लोगों के हताहत होने की खबरें भी आई हैं।
24 घंटे में 6 मौतें
महाराष्ट्र आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्यभर में बारिश और बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में कम से कम छह लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें बीड जिले में एक व्यक्ति की मौत, मुंबई में एक की मौत और तीन घायल, और नांदेड़ में चार मौतें और पांच लोग लापता हैं।
नांदेड़ में बाढ़ जैसे हालात
महाराष्ट्र का नांदेड़ जिला भारी बारिश और बाढ़ जैसी स्थिति से जूझ रहा है। मंगलवार तड़के मुखेड़-उदगीर रोड पर एक दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और एक महिला अब भी लापता है। देर रात करीब 1 बजकर 40 मिनट पर दो अलग-अलग वाहनों में सवार सात लोग बाढ़ग्रस्त सड़क पर बह गए।
स्थानीय बचाव दल ने तीन लोगों को बचा लिया जबकि चार लोग बह गए। बाद में तीन शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान तेलंगाना की समीना शेख (48), हसीना शेख (29) और नांदेड़ के देगलूर निवासी महबूब शेख के रूप में हुई है। तेलंगाना की अफरीन शेख नामक महिला अब भी लापता है और तलाश जारी है। महाराष्ट्र आपदा प्रबंधन विभाग के हालिया आंकड़ों के मुताबिक नांदेड़ में चार मौतें हो चुकी हैं और पांच लोग लापता हैं।
कई लोकल ट्रेनें रद्द
मुंबई क्षेत्र में भारी जलभराव के कारण आज, 20 अगस्त को कई लोकल ट्रेन सेवाएं रद्द कर दी गई हैं। भारी बारिश के बाद पटरियों पर पानी जमा हो गया, जिसके बाद मंगलवार दोपहर को पहले हार्बर लाइन और बाद में मध्य रेलवे की मुख्य लाइन पर रेल सेवाओं का संचालन कैंसिल करना पड़ा।

कैंसिल हुई ट्रेनों की सूची
बाढ़ से आठ की मौत
समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक नांदेड़ में बादल फटने जैसी स्थिति के बाद आई बाढ़ से आठ लोगों की मौत हो गई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कैबिनेट बैठक के बाद मीडिया को जानकारी दी कि नांदेड़ जिले में भारी बारिश और बादल फटने जैसी स्थिति के कारण अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है। जिले के कई गांवों में पानी भर गया है और अब तक 293 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। मवेशियों और फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
राज्य में पिछले दो दिनों में 12 से 14 लाख एकड़ जमीन पर खड़ी फसल बर्बाद हो गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रभावित किसानों और ग्रामीणों को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। जिला कलेक्टरों को NDRF के नियमों के अनुसार नुकसान का आकलन कर मुआवजा देने के आदेश दिए गए हैं।
मुंबई में 300 मिमी बारिश, मीठी नदी खतरे के निशान पर
मुंबई में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। बीते 24 घंटों में शहर में करीब 300 मिमी बारिश दर्ज की गई है। लगातार हो रही बारिश के चलते मीठी नदी का जलस्तर खतरे के निशान पर पहुंच गया है और 400 से 500 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। शहर की लाइफलाइन मानी जाने वाली लोकल ट्रेन सेवाएं धीमी हो गई हैं। कई रूटों पर ट्रेनों में देरी हो रही है, जिससे हजारों यात्री प्रभावित हुए हैं। मुंबई में जलभराव और ट्रैफिक जाम के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त है।
फडणवीस बोले: स्थिति नियंत्रण में, शिंदे रख रहे नजर
मुख्यमंत्री फडणवीस ने यह भी कहा कि "स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन हम सतर्क हैं।" उन्होंने बताया कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। साथ ही बताया कि NDRF की 18 और SDRF की 6 टीमें राज्य के विभिन्न हिस्सों में तैनात की गई हैं।
फडणवीस ने कहा कि "बांधों से पानी छोड़े जाने की स्थिति में पड़ोसी राज्यों के साथ बातचीत की जा रही है। अनियंत्रित कैचमेंट एरिया (जलग्रहण क्षेत्र) चिंता का विषय बने हुए हैं, जिन पर नियंत्रण जरूरी है।"
इंडिगो ने ट्रैवेल एडवाइजरी जारी की
मुंबई में खराब मौसम को देखते हुए इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए ट्रैवेल एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने कहा कि भारी बारिश के चलते उड़ानों में देरी या रद्द होने की संभावना है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर जरूर जांच लें। एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि मुंबई में जलभराव और ट्रैफिक धीमा होने की वजह से यात्री अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करें।
