मुंबई

पालघर में फ्लैट से देह व्यापार का पर्दाफाश, बांग्लादेशी गिरोह के चंगुल से दो युवतियां रेस्क्यू; 3 आरोपी गिरफ्तार

महाराष्ट्र के पालघर में पुलिस ने देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वसई क्षेत्र के नायगांव में स्थित एक फ्लैट में छापेमारी की। जहां से एक एक नाबालिग लड़की और एक युवती को देह व्यापार गिरोह से बचाया।

Image

सांकेतिक फोटो (PC-istock)

Photo : iStock

Palghar Crime News: महाराष्ट्र के पालघर जिले में पुलिस ने एक घर में संचालित देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने बांग्लादेश के तीन नागरिकों को भी गिरफ्तार किया। साथ ही एक नाबालिग लड़की और एक युवती को बचाया है, जिन्हें बांग्लादेश से भारत लाया गया था। इन पीड़िताओं को ‘रेस्क्यू फाउंडेशन’ के एक केंद्र में रखा गया है।

न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार पुलिस के मानव तस्करी रोधी प्रकोष्ठ के कर्मियों ने एक गुप्त सूचना के आधार पर वसई क्षेत्र के नायगांव स्थित एक फ्लैट में 26 जुलाई को छापेमारी की। मीरा भायंदर-वसई विरार के सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) मदन बल्लाल ने बताया कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने फ्लैट में तीन कथित एजेंट को पकड़ा और एक नाबालिग लड़की को बचाया। लड़की को देह व्यापार के लिए मजबूर किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि वहां से 21 वर्षीय लड़की को भी बचाया गया है।

पीड़िताओं को देह व्यापार के लिए मजबूर किया गया

अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों व्यक्तियों की पहचान मोहम्मद खालिद बापारी, जुबेर हारुन शेख और शमीन गफ्फार सरदार के रूप में हुई है और ये सभी बांग्लादेश के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि बचाई गई लड़की और युवती भी बांग्लादेश की रहने वाली हैं और कथित तौर पर उन्हें भारत में तस्करी करके देह व्यापार के लिए मजबूर किया गया था।

आरोपियों के खिलाफ इन धाराओं में केस दर्ज

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 96 (बच्चों की खरीद-फरोख्त), 98 (वेश्यावृत्ति आदि के लिए बच्चों को बेचना), 143(3), 143(4) (मानव तस्करी) और 144 (तस्करी किए गए व्यक्ति का शोषण) सहित विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और अनैतिक व्यापार (रोकथाम) अधिनियम के प्रावधानों के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article