Bullet Train Station: भारत अब हाई-स्पीड रेल के युग में कदम रखने जा रहा है। देश की पहली बुलेट ट्रेन सेवा मुंबई से अहमदाबाद के बीच जल्द ही हकीकत बनने जा रही है। इस ऐतिहासिक परियोजना की आधारशिला सितंबर 2017 को रखी गई थी, और अब इसके पहले चरण की शुरुआत का लक्ष्य सितंबर 2027 रखा गया है।
क्या है प्रोजेक्ट की खास बात?
मुंबई से अहमदाबाद के बीच यह बुलेट ट्रेन कुल 508 किलोमीटर की दूरी तय करेगी, वो भी केवल 2 से 2.5 घंटे में। यह ट्रेन 320 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ेगी और यात्रियों को एयरलाइन जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
मुंबई में बन रहे देश के पहले बुलेट ट्रेन स्टेशन की पहली झलक सामने आ गई है, और यह बिल्कुल वैसी ही है जैसी हम किसी साइंस फिक्शन फिल्म में देखते हैं। हाई-टेक तकनीक, गहराई में बसा इंफ्रास्ट्रक्चर और एयरपोर्ट जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं यह स्टेशन भारत में रेलवे के भविष्य की एक झलक पेश करता है।
BKC बुलेट ट्रेन स्टेशन: क्यों है सबसे खास?
बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में बन रहा यह स्टेशन देश का पहला और इकलौता पूरी तरह भूमिगत (Underground) बुलेट ट्रेन स्टेशन होगा। इसकी डिज़ाइन, निर्माण तकनीक और यात्री सुविधाएं इसे एशिया के सबसे आधुनिक रेलवे स्टेशनों में शामिल करेंगी।

मुंबई का बुलेट ट्रेन स्टेशन (फोटो साभार: Indian Railway)
स्टेशन की खास बातें:
- मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में देश की पहली बुलेट ट्रेन का एकमात्र भूमिगत स्टेशन बन रहा है। यह स्टेशन मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर का अहम हिस्सा होगा।
- स्टेशन जमीन से लगभग 32.5 मीटर (करीब 10 मंजिला इमारत) नीचे बनाया जा रहा है, जिसमें तीन मंजिलें होंगी- प्लेटफॉर्म, कॉन्कोर्स और सर्विस फ्लोर। प्लेटफॉर्म की गहराई करीब 26 मीटर होगी और स्टेशन में कुल 6 प्लेटफॉर्म होंगे, हर एक की लंबाई 415 मीटर होगी।
- स्टेशन को मेट्रो और सड़क दोनों से जोड़ा जाएगा। दो एंट्री/एग्ज़िट पॉइंट होंगे, एक मेट्रो लाइन 2बी के पास और दूसरा एमटीएनएल भवन की तरफ। यात्रियों के लिए सुविधाजनक आवाजाही के साथ-साथ प्राकृतिक रोशनी के लिए रोशनदान भी बनाया जा रहा है। प्राकृतिक रोशनी के लिए स्कायलाइट्स लगाए जाएंगे।
अब तक की प्रगति:
- 84% खुदाई का काम पूरा (15.7 लाख घन मीटर मिट्टी निकाली गई)।
- बेस स्लैब कास्टिंग में अब तक 51,321 घन मीटर M-60 ग्रेड कंक्रीट डाली गई।
- 100% सेकेंडरी पाइलिंग, कैपिंग बीम और फ्लड वॉल का काम पूरा।
- साइट पर तीन अत्याधुनिक बैचिंग प्लांट और कंक्रीट टेस्टिंग लैब कार्यरत हैं।
- निर्माण तकनीक: "कट एंड कवर" मेथड से बन रहा है।
- BKC स्टेशन की अनुमानित लागत: 3600 करोड़ रुपये है।
- मेट्रो से डायरेक्ट कनेक्शन: BKC मेट्रो स्टेशन से सीधा जुड़ाव (BN नगर से मंडलाय मेट्रो के ज़रिए)।
अब तक की प्रगति:
- 84% खुदाई का काम पूरा हो गया है।
स्टेशन का रूप कैसा होगा?
- एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं
- स्वचालित टिकट सिस्टम
- फास्ट एस्केलेटर और हाई-सिक्योरिटी सिस्टम
- साफ़, हवादार और उन्नत यात्री वेटिंग एरिया
- डिजिटल साइनबोर्ड्स और स्मार्ट इन्फॉर्मेशन डिस्प्ले
- ये सिर्फ स्टेशन नहीं, भारत का भविष्य है
BKC बुलेट ट्रेन स्टेशन एक ऐसा मॉडल है, जो भारत में ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर को 21वीं सदी के स्तर पर ले जाएगा। यह स्टेशन आने वाले समय में मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट का हब बनेगा, जहां मेट्रो, बुलेट ट्रेन और सड़क यातायात सब आपस में जुड़े होंगे।
