Mumbai Crime News: पति-पत्नी का प्यार भरा रिश्ता कब खतरनाक रूप ले ले यह किसी को पता नहीं होता है। अफेयर या फिर घरेलू हिंसा के चलते अक्सर हत्या और आत्महत्या की घटनाएं सामने आती रहती हैं। अब एक बार फिर से पति-पत्नी का रिश्ता ताड़-ताड़ हुआ है। एक पति ने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया है। सनकी पति को अपनी पत्नी के अफेयर होने का शक था, जिसके चलते उसने हत्या की घटना को अंजाम दिया है।
पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए कहा है कि, कलवा में एक 31 साल के एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के अवैध संबंध होने के शक में उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि, घटना शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात कलवा (ईस्ट) के इंदिरा नगर इलाके में हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पत्नी की हत्या करने के बाद शव को अस्पताल लेकर गया
मृतका की पहचान मीना अनिल लक्ष्मण (28) के रूप में हुई है, जो अपने पति अनिल लोखंडे और 11 महीने के बेटे के साथ रहती थी। दोनों ने दो साल पहले ही शादी की थी। आरोपी शहर में कटलरी वेंडर का काम करता था। कलवा थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मनोहर आव्हाड ने कहा है कि, घटना वाले दिन आरोपी काम से घर आया था। उसने मीना पर अफेयर का आरोप लगाते हुए तीखी नोकझोंक की और मारपीट शुरू कर दी थी। इसके बाद उसने कथित तौर पर अपने हाथ से उसका गला घोंट दिया था। जब मीना होश खो बैठी तो आरोपी पति स्थानीय लोगों की मदद से उसे सिविल अस्पताल ले गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
डॉक्टरों से बोला झूठ
आव्हाड ने कहा कि, आरोपी अनिल ने पड़ोसियों और अस्पताल के डॉक्टरों को झूठ बोला कि मीना को दिल का दौरा पड़ा है। हालांकि, डॉक्टरों को उस पर शक हुआ और पुलिस को मौत की सूचना दी। आव्हाड ने कहा कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह पुष्टि हुई कि उसकी मौत गला घोंटने से हुई है। हमने आरोपी अनिल को हिरासत में लिया और जांच के दौरान उसने खुलासा किया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था इसलिए उसने हत्या की। इसी बात को लेकर शादी के बाद से ही दोनों का आपस में झगड़ा चल रहा है। आरोपी पति के खिलाफ कलवा थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
