मुंबई

Samruddhi Mahamarg: समृद्धि महामार्ग के पास बनेंगे होटल-रेस्तरां, मुंबई-नागपुर के बीच सफर करने वालों को होगी सुविधा

समृद्ध महामार्ग के करीब होटल, रेस्तरा, फूड प्लाजा जैसी सुविधाएं जल्द ही विकसित कर ली जाएंगी। इसके लिए कंपनी का चयन कर लिया गया है। हाईवे के 16 स्थानों पर इन सुविधाओं को विकसित किया जाएगा।

Image

समृद्धि महामार्ग (फोटो साभार - ट्विटर)

Samruddhi Mahamarg: मुंबई-नागपुर के बीच बने सबसे हाईटेक हाईवे समृद्धि महामार्ग पर जल्द ही यात्रियों के लिए सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस हाईवे के करीब होटल, रेस्तरां, फूड प्लाजा जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके लिए महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम यानी एमएसआरडीसी ने कंपनी का चुनाव कर लिया है। इन सुविधाओं के लिए निगम की ओर से 4-5 हेक्टर जमीन लीज पर उपल्बध कराई जाएगी। इस जमीन पर कंपनी अपने खर्च पर सुविधाओं को विकसित करेगी। इन सुविधाओं के विकसित होने पर मुंबई से नागपुर के बीच यात्रा करने वाले लोगों को सुविधा होगी।

समृद्धि महामार्ग पर सुविधाएं

समृद्धि महामार्ग की लंबाई 701 किमी है, जिसमें से सिर्फ 600 किमी हाईवे वाहनों के लिए खुला है। जिसपर सुविधाएं बेहद कम हैं। हाईवे पर सुविधाएं विकसित करने के लिए एमएसआरडीसी कई महीनों से किसी कंपनी की तलाश कर रही थी। अब उसे कंपनी मिल गई है और कुछ ही महीनों में यात्रियों के लिए यहां सुविधाएं विकसित हो जाएंगी। एमएसआरडीसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पूरे हाईवे के 16 स्थानों पर कंपनी को सुविधाएं विकसित करनी होंगी। कंपनी को यह भी अधिकार दिया गया है कि उन्हें लीज पर मिली जमीन को वे अन्य संस्थान को सब लीज पर दे सकते हैं।

कब खुलेगा पूरा हाईवे

इस हाईटेक हाईवे को मुंबई से नागपुर की दूरी को कम करने के लिए बनाया जा रहा है। इस हाईवे को अब तक दो चरणों में खोला जा चुका है। अगले महीने तीसरे फेज के तहत 25 किमी के मार्ग को और खोला जाएगा। जिसके बाद यह हाईवे इगतपुरी तक पहुंच जाएगा। इस हाईवे को 2024 के अंत तक पूरी तरह से खोल दिया जाएगा। जिसके बाद मुंबई से नागपुर की दूरी 7-8 घंटों में पूरी हो सकेगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article