Thane Mumbra Bypass Accident: ठाणे जिले के मुंब्रा बाईपास पर सोमवार को एक गंभीर सड़क हादसा हुआ, जिसमें ट्रक ने पीछे से एक दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। इस घटना में 19 से 22 वर्ष आयु के तीन युवकों की मौत हो गई।
यह जानकारी ठाणे नगर निगम के अधिकारियों ने साझा की। ठाणे नगर निगम आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी के अनुसार, यह दुर्घटना गावदेवी मंदिर के पास दोपहर करीब तीन बजे हुई, जब तीनों युवक स्कूटर से शिलफाटा जा रहे थे।
मृतकों की पहचान हसन अकरम शेख (19), अफजल सकुर शेख (22) और मोहिनुद्दीन मोहम्मद खुशीशेख (19) के रूप में हुई। सभी को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें तुरंत कलवा के छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह सभी मुंब्रा के गावदेवी निवासी थे। बताया जा रहा है कि, ट्रक का मालिक और चालक मौके से फरार हो गए। मुंब्रा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच जारी है।
(इनपुट - भाषा)
