मुंबई

Maharashtra Rain: मराठवाड़ा में आफत की बारिश, पानी में डूबीं सड़कें-खेत, गांवों का टूटा संपर्क; बचाव कार्य जारी

महाराष्ट्र के मराठवाड़ा इलाके में 20 सितंबर से आफत की बारिश हो रही है। जिससे नदियां उफान पर हैं, पुल से लेकर सड़कें और खेत सब जलमग्न हो गए हैं। ग्रामीण इलाकों का संपर्क भी टूट गया है। प्रशासन बचाव कार्य में जुटा है। स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है।

Image

सांकेतिक फोटो (istock)

Photo : iStock

महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में बारिश कहर बरपा रही है। शनिवार को बी कई हिस्सों में लगातार बारिश हुई। जिससे ग्रामीण इलाकों से संपर्क टूट गया और पारंपरिक रूप से सूखे की चपेट में आने वाले क्षेत्रों की सड़कें एवं पुल जलमग्न हो गए। सुबह आठ बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटे में बीड, लातूर, धाराशिव, नांदेड़, परभणी और हिंगोली जिलों के कई हिस्सों में 65 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। इस दौरान परभणी जिले के गंगाखेड़ में एक दिन में सबसे अधिक 143 मिमी बारिश हुई।

ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा

अधिकारियों के अनुसार, हिंगोली जिले के कलमनुरी और वासमत तालुका में भारी बारिश हुई, जिससे तीन गांव जलमग्न हो गए। उन्होंने बताया कि भारी बारिश के कारण वासमत तालुका के चौंधी बहिरोबा और कलमनुरी के बिबथर और कोंढुर दिग्रस गांवों से संपर्क टूट गया है। लातूर की जिलाधिकारी वर्षा ठाकुर घुगे ने बताया कि रातभर हुई भारी बारिश के कारण जिले के निचले इलाके, सड़कें और पुल जलमग्न हो गए। उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, "एहतियाती उपाय के तौर पर हमने जलभराव वाले पुलों और सड़कों को बंद कर दिया है। मंजारा नदी अपनी क्षमता से ऊपर बह रही है अगर बारिश जारी रही तो नदी के किनारे स्थित कुछ खेतों में पानी घुस सकता है।’’ उन्होंने कहा कि बचाव दल पूरी तरह से तैयार हैं और ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं।

20 सितंबर से मराठवाड़ा में भारी बारिश

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि धाराशिव में प्रशासन ने भारी बारिश के कारण सड़कें बंद कर दी हैं और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमों को भूम और परांदा तालुका में बचाव और राहत कार्यों के लिए तैनात किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मौसम विभाग ने शनिवार के लिए नांदेड़, लातूर, बीड, हिंगोली, परभणी और धाराशिव जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मराठवाड़ा में 20 सितंबर से भारी बारिश और उफनती नदियों ने बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया है। बाढ़ के कारण कम से कम नौ लोगों की जान चली गई है और लाखों एकड़ फसलें नष्ट हो गई हैं। मराठवाड़ा क्षेत्र में छत्रपति संभाजीनगर, जालना, लातूर, परभणी, नांदेड़, हिंगोली, बीड और धाराशिव शामिल हैं।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!