Mumbai Crime News: नवी मुंबई के खारघर इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 45 वर्षीय पाकिस्तानी नागरिक नोतनदास उर्फ संजय सचदेव ने घरेलू विवाद के चलते अपनी 35 वर्षीय पत्नी सपना नोतनदास की चाकू से हत्या कर दी और फिर आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक, यह दंपति भारत में दीर्घकालिक वीजा पर रह रहा था और पिछले छह महीनों से अपने दो बच्चों के साथ किराये के फ्लैट में रह रहा था। सोमवार को जब सपना नोतनदास ने अपनी बहन के फोन कॉल का जवाब नहीं दिया, तो उनकी बहन फ्लैट पर पहुंची, जहां यह भयावह घटना सामने आई।
चिकित्सकों ने सपना को घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके पति की इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि नोतनदास ने झगड़े के बाद रसोई में इस्तेमाल होने वाले तेज धार वाले चाकू से अपनी पत्नी की गर्दन, पीठ और कंधे पर कई बार वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद, उन्होंने उसी हथियार से अपनी गर्दन पर वार कर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया है और उनके वीजा व अन्य पहचान दस्तावेजों का गहन सत्यापन कर रही है। यह घटना पूरे इलाके में सनसनी का कारण बनी है।
(इनपुट - भाषा)
