एक बड़े मादक पदार्थ विरोधी अभियान में DRI, मुंबई क्षेत्रीय इकाई ने फ्रीटाउन से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA पर आए एक पुरुष यात्री से 2.178 किलोग्राम कोकीन ज़ब्त की, जिसकी अवैध बाज़ार में कीमत लगभग ₹21.78 करोड़ है। एक विशिष्ट सूचना के आधार पर, DRI अधिकारियों ने यात्री के आगमन पर उसे रोक लिया और उसके सामान की विस्तृत जाँच की।
सामान की जाँच के दौरान 'खजूर' के पैकेट मिले। पैकेट के अंदर खजूर के बीज की जगह छोटे काले दाने चालाकी से छिपाए गए थे। इन दानों के अंदर सफेद पाउडर जैसा पदार्थ छिपा हुआ था। NDPS फील्ड किट से जाँच करने पर पुष्टि हुई कि वह पदार्थ कोकीन है।
प्रतिबंधित सामग्री जब्त कर ली गई
एक त्वरित अनुवर्ती कार्रवाई में, अधिकारियों ने हवाई अड्डे पर मादक पदार्थों के इच्छित प्राप्तकर्ता को पकड़ लिया। मादक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (NDPS) अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत प्रतिबंधित सामग्री जब्त कर ली गई और दोनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
मादक पदार्थों की तस्करी के पीछे के व्यापक नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जाँच जारी है।
DRI नशा मुक्त भारत बनाने के अपने संकल्प पर अडिग है, लगातार मादक पदार्थों की धरपकड़ कर रहा है, अंतर्राष्ट्रीय तस्करी गिरोहों को ध्वस्त कर रहा है और हमारे देश के स्वास्थ्य, कल्याण और सुरक्षा की रक्षा कर रहा है।
