Maharashtra Assembly Elections: महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव को लेकर आचार संहिता लागू है, लेकिन लगातार नकदी बरामद किया जा रहा है। नवी मुंबई पुलिस, इनकम टैक्स विभाग और चुनाव आयोग की संयुक्त कार्रवाई में बीती रात नेरुल सेक्टर 16 स्थित एक रियल एस्टेट एजेंट के दफ्तर से 2 करोड़ 60 लाख रुपये की नकदी जब्त की गई है।
महाराष्ट्र में बड़ी मात्रा में नकदी बरामद
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, एजेंट ने दावा किया है कि यह रकम उसके बिजनेस से मिली है। हालांकि, इस दावे की जांच अभी जारी है और जब्त की गई पूरी रकम को सुरक्षित रख लिया गया है। यह मामला उस समय सामने आया है जब महाराष्ट्र में बड़ी मात्रा में नकदी बरामदगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।
अब तक 300 करोड़ रुपये से अधिक जब्त
बता दें कि राज्य में अब तक 300 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी जब्त की जा चुकी है। इस नई बरामदगी के बाद, जांच एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि क्या यह पैसा किसी अन्य अवैध गतिविधि से जुड़ा हुआ है। इस मामले में आगे की जांच जारी है।
