Gurugram Accident: दिल्ली से सटे साइबर सिटी गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे पर आज दोपहर एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाला कहर देखने को मिला। एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार कैब और लोडिंग ई-रिक्शा के बीच ऐसी टक्कर हुई कि कैब चालक की मौके पर ही बेहद दर्दनाक मौत हो गई। दरअसल ई-रिक्शा पर सरिया लदा हुआ था, जो हादसे के समय कैब चालक के शरीर के आर-पार निकल गया, जिससे उसकी जान चली गई।
मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा आज शुक्रवार दोपहर को उस समय हुआ जब कैब गुरुग्राम से दिल्ली की ओर जा रही थी। इसी दौरान द्वारका एक्सप्रेसवे पर ओवरटेक लाइन में आगे चल रहे एक लोडिंग ई-रिक्शा से पीछे से आ रही तेज रफ्तार कैब की जोरदार भिड़ंत हो गई।
कैब ड्राइवर की मौके पर मौत, महिला सवारी गंभीर
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोडिंग वाहन में रखे सरिए कैब के शीशे को तोड़ते हुए ड्राइवर की सीट के पार तक चले गए। इस भयावह हादसे में कैब चालक के शरीर में सरिया आर-पार हो गया और उसने मौके पर ही तड़पकर दम तोड़ दिया। वहीं, कैब के पिछले हिस्से में बैठी एक महिला सवारी भी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई है। दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कैब में फंसे ड्राइवर के शव को बाहर निकाला और उसे अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। वहीं गंभीर रूप से घायल महिला सवारी को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
