बिजनेस

Dividend Stock: एबॉट इंडिया का बड़ा तोहफा, ₹656 प्रति शेयर डिविडेंड; 24 जुलाई तक मौका

तिमाही नतीजों के साथ ही डिविडेंड पे-आउट का सीजन भी शुरू हो गया है। फिलहाल, एबॉट इंडिया की तरफ से ₹656 प्रति शेयर डिविडेंड दिया जा रहा है। इसके लिए 24 जुलाई तक मौका है।

Image

डिविडेंड पाने का मौका

Photo : Times Now Digital

Abbott India Dividend Stock 2026: अगर आप डिविडेंड देने वाले मजबूत शेयरों में निवेश करते हैं, तो फार्मा कंपनी एबॉट इंडिया ने अपने शेयरधारकों के लिए बड़ा ऐलान किया है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कुल ₹656 प्रति शेयर डिविडेंड देने की सिफारिश की है। इसमें ₹525 प्रति शेयर फाइनल डिविडेंड और ₹131 प्रति शेयर स्पेशल डिविडेंड शामिल है। ₹10 फेस वैल्यू वाले शेयर पर यह 6,560% डिविडेंड के बराबर है। यह प्रस्ताव अब कंपनी की 82वीं सालाना आम बैठक (AGM) में शेयरधारकों की मंजूरी के बाद लागू होगा।

24 जुलाई है रिकॉर्ड डेट

कंपनी ने बताया कि 24 जुलाई 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की गई है। यानी इस तारीख तक जिन निवेशकों के नाम कंपनी के रिकॉर्ड में होंगे, वही इस डिविडेंड के हकदार होंगे। AGM में मंजूरी मिलने के बाद 18 अगस्त 2026 के आसपास डिविडेंड का भुगतान किया जाएगा।

पिछले साल से ज्यादा डिविडेंड

एबॉट इंडिया ने पिछले वित्त वर्ष (FY25) में ₹475 प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड दिया था। इस बार फाइनल डिविडेंड बढ़ाकर ₹525 प्रति शेयर कर दिया गया है। इसके साथ ही कंपनी ने ₹131 प्रति शेयर स्पेशल डिविडेंड भी घोषित किया है। इस तरह कुल डिविडेंड ₹656 प्रति शेयर हो गया है। 12 मई, 2026 को FY 26 Q4 नतीजों के मुताबिक कंपनी का प्रदर्शन मजबूत रहा है। कंपनी का कुल रेवेन्यू ₹6,929.05 करोड़ रहा। वहीं, नेट प्रॉफिट ₹1,552.02 करोड़ रहा। कंपनी का ऊंचा पेआउट रेशियो बताता है कि कंपनी अपने मुनाफे का बड़ा हिस्सा शेयरधारकों के साथ साझा कर रही है।

क्यों खास है यह डिविडेंड?

एबॉट इंडिया देश की प्रमुख फार्मा कंपनियों में शामिल है। कंपनी डायबिटीज, क्रिटिकल केयर, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े उत्पादों पर मजबूत पकड़ रखती है। इसके अलावा, ग्लोबल पैरेंट कंपनी Abbott Laboratories का समर्थन भी इसे मजबूती देता है। विश्लेषकों का मानना है कि इतना बड़ा डिविडेंड कंपनी की मजबूत कैश फ्लो, स्थिर कमाई और शेयरधारकों के प्रति अनुकूल नीति का संकेत है।

    Yateendra Lawaniya
    यतींद्र लवानियाauthor

    प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

    और पढ़ें
    End of Article