डॉक्टरों के मुताबिक, संक्रमित युवक को 22 मई को शिवाजी महाराज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, पीड़ित पहले से ही गंभीर मधुमेह (शुगर) का मरीज था। उसे कई अन्य बीमारियां भी थी। लिहाजा, ये कहना मुश्किल होगा कि उसकी मौत कोरोना से ही हुई है। हालांकि, शुक्रवार को उसकी रिपोर्ट कोविड-19 पॉजिटिव आई थी। फिलहाल, ठाणे में कोविड के 18 मामले हैं।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. अनिरुद्ध मालगांवकर ने बताया कि उसे मधुमेह संबंधी जटिलताओं के कारण बृहस्पतिवार को भर्ती कराया गया था और शुक्रवार रात उसके कोविड-19 से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। उन्होंने बताया कि अस्पताल में कोविड-19 मरीजों के लिए 19 बिस्तरों वाला वार्ड बनाया गया है और यह आरटी-पीसीआर जांच सुविधाओं से लैस है। स्थिति का आकलन करने के लिए नगर निकाय ने शुक्रवार को एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चेतना नितिल ने बताया, “सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाओं का पर्याप्त भंडार मौजूद है और कोविड-19 की जांच के लिए जांच किट भी उपलब्ध हैं। नगर निकाय ने आश्वस्त किया कि स्थिति नियंत्रण में है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
JN.1 वैरिएंट क्या है?
JN.1 वैरिएंट ओमिक्रॉन फैमिली की Sub-Lineage है, जो विशेष रूप से BA.2.86 से विकसित हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक, JN.1 वेरिएंट तेजी से फैलता है, फिर भी अधिकांश मामले हल्के ही रहते हैं।
देश में कितने कोविड केस
Covid Tracker के हवाले से भारतीय स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट पर अपलोड आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में अभी तक कोरोना के 257 एक्टिव केस मिले हैं, जिसमें 164 नए हैं। इनमें से सबसे ज्यादा एक्टिव 95 मामले केरल में हैं, उसके बाद 66 तमिलनाडु में और फिर 56 एक्टिव केस महाराष्ट्र में हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार इस वक्त देश के 11 राज्यों में कोरोना के एक्टिव मामले हैं।
