Salman Khan News: फिल्म अभिनेता सलमान खान ( Actor Salman Khan) की बिल्डिंग के गेट के पास 2 अज्ञात लोगों ने हवा में बंदूक से फायरिंग की है। अज्ञात लोगों द्वारा हवा में गोलियां चलाई गईं। फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंच गई है और जांच की जा रही है।
मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच कर रही जांच
मुंबई पुलिस ने इस मामले में कहा है कि आज सुबह करीब 5 बजे अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित घर (Salman Khan House Galaxy)
) के बाहर दो अज्ञात लोगों ने फायरिंग कर दी। पुलिस को 3 राउंड फायरिंग की जानकारी मिली है। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच जांच के लिए मौके पर पहुंच गई है।
विपक्ष ने सरकार पर उठाया सवाल
अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित आवास के बाहर फायरिंग पर शिव सेना (यूबीटी) नेता आनंद दुबे का कहना है, 'चाहे सलमान खान हों या कोई आम आदमी, मुंबई और महाराष्ट्र में कोई भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। आपने देखा होगा कि हाल ही में गोलीबारी हुई थी मुंबई में और डोंबिवली में एक विधायक पर फायरिंग हुई। आज सुबह सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग हुई, ये कैसी कानून व्यवस्था है? गृह मंत्री, मुख्यमंत्री जी आप कहां हैं? अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं मंत्री और गृह मंत्री को इस घटना का संज्ञान लेना चाहिए।'
बांद्रा स्थित गैलेक्सी आवास का मामला
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी आवास के बाहर सुबह 4.50 बजे दो अज्ञात लोगों ने चार राउंड फायरिंग की।
सलमान खान को बिश्नोई गैंग से है खतरा
गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई और भारत-कनाडा से वांटेड गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने कई बार सलमान खान को मारने का ऐलान किया है। बिश्नोई और गोल्डी बराड़ ने कई बार मुंबई सलमान पर हमले के लिए अपने शूटर भेजे थे। लारेंस का बेहद खास गैंगस्टर संपत नेहरा साल 2018 में सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट की रेकी कर चुका था, हमले को अंजाम देने के पहले हरियाणा पुलिस ने नेहरा को गिरफ्तार कर लिया था। उसने पूछताछ में सलमान खान पर हमले की पूरी प्लानिंग का खुलासा किया था।
