Bombay High Court Bomb Threat: बॉम्बे हाईकोर्ट को एक बार फिर बम धमाके की धमकी मिली है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। शुक्रवार सुबह हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर एक धमकी भरा ईमेल मिला, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। हालांकि जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
जांच में कुछ भी नहीं मिला संदिग्ध
मुंबई पुलिस ने जानकारी दी कि बॉम्बे हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद मुंबई पुलिस ने उच्च न्यायालय परिसर की तलाशी ली और कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। यह दूसरी बार है जब उच्च न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। हाल ही में भी ऐसी ही धमकी मिली थी; पूरे उच्च न्यायालय को खाली करा लिया गया था, लेकिन कुछ भी नहीं मिला।
पहले भी आई थी धमकी
बता दें कि बीते 12 सितंबर को भी हाईकोर्ट को इसी तरह का धमकी भरा मेल मिला था। जिसके बाद कोर्ट प्रशासन ने सभी जज, वकील, कर्मचारी और विजिटर्स को तुरंत कोर्ट परिसर खाली करने के निर्देश जारी किए। बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा बलों को तुरंत मौके पर तैनात किया गया है। जांच के बाद वह धमकी भी झूठी साबित हुई थी। आजकल लगभग हर हफ्ते देश में किसी न किसी जगह बम होने की धमकी आ ही जाती है। सुरक्षा एजेंसियों को अबतक इस तरह की सूचनाओं के बाद कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली है।
