मुंबई

Mumbai News: सामने आई अंधेरी में Gokhale Bridge के खुलने की डेट, जानें ताजा अपडेट और कब भरेंगे भर्राटा

मुंबई के अंधेरी क्षेत्र में रहने वाले और यहां से गुजरने वाले लोगों के लिए खुशखबरी है। यहां गोपाल कृष्ण गोखले ब्रिज (Gopal Krishna Gokhale Bridge) के गार्डर का काम शुरू हो चुका है और इसके साथ ही ब्रिज के फिर से पूरी तरह तैयार होने की तारीख भी सामने आ चुकी है।

Image

मुंबई का गोखले ब्रिज

Photo : Twitter

मुंबई : आमची मुंबई देश की आर्थिक राजधानी भी है और यहां सड़कों पर जाम भी खूब लगता है। मुंबईवासियों को जाम के झाम से निजात दिलाने के लिए शहर में कई अंडरपास और फ्लाइओवर बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही पुराने हो चुके ब्रिजों को भी दुरुस्त किया जा रहा है। ऐसे ही अंधेरी इलाके में नाम गोपाल कृष्ण गोखले ब्रिज (Gopal Krishna Gokhale Bridge) को फिर से बनाया जा रहा है, जिसे ट्रैफिक के लिए असुरक्षित घोषित कर दिया गया था। BMC ने इस ब्रिज के दक्षिणी हिस्से में गार्डर रखने का काम शुरू कर दिया है। BMC ने इस ब्रिज के बनकर पूरी तरह से तैयार होने की डेट भी तय कर दी है। चलिए जानते हैं।

गोपाल कृष्ण गोखले ब्रिज पर गार्डर रखे जाने के काम के लिए बीएमसी ने रेलवे से रात में ब्लॉक की मांग की है, ताकि गार्डर रखने का काम बिना किसी रुकावट के समय पर पूरा किया जा सके। इसके अलावा कहा गया है कि ब्रिज 31 मार्च 2025 तक पूरी तरह से बनकर तैयार हो जाएगा।

गोखले ब्रिज के दक्षिणी हिस्से के काम के लिए स्टील के पुर्जे अगस्त के पहले हफ्ते में अंबाला की फैक्टरी से मुंबई पहुंच चुके हैं। ठेकेदार ने निगम के अधिकारियों को भरोसा दिया है कि गार्डर असेंबलिग का काम अगले दो हफ्ते में पूरा कर लिया जाएगा। निगम के वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि गार्डर का काम 60 दिन में पूरा हो जाएगा। इसके बाद दोनों ओर एप्रोच रोड बनाने का काम शुरू होगा। उन्होंने बताया कि इस काम को पूरा होने में 5-6 महीने का समय लगेगा।

गार्डर लॉन्चिंग का काम पूरा होने के बाद निगम सरफेसिंग और कॉन्क्रीट का काम शुरू करेगा। निगम ने कॉन्ट्रैक्टर को यह सब काम पूरा करने के लिए 14 नवंबर तक का समय दिया है। ज्ञात हो कि पिछले ही महीने बीएमसी ने निगम के एक्जक्यूटिव इंजीनियर और कॉन्ट्रैक्टर को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। दरअसल उन्होंने स्वयं ही मैटेरियल डिलिवरी के लिए 15 जुलाई की डेडलाइन दी थी, जो पूरी नहीं हुई। इसी बात को लेकर यह कारण बताओ नोटिस जारी हुआ था। इसके अलावा कॉन्ट्रैक्टर पर 3 करोड़ की पैनल्टी भी लगाई गई थी।

गार्डर लॉन्च में देरी और काम पूरा करने में हो रही देरी के चलते कॉन्ट्रैक्टर पर फाइन लगाया गया था। इसमें गोखले ब्रिज के रेलवे के हिस्से में आने वाला दक्षिणी हिस्सा भी शामिल है, जिसका काम नवबंर तक टल गया है।

अंधेरी में पूर्वी हिस्से को पश्चिमी हिस्से से जोड़ने वाले गोखले ब्रिज को एक स्ट्रक्चरल ऑडिट के बाद ट्रैफिक के लिए असुरक्षित घोषित किए जाने के बाद बंद कर दिया गया था।गोखले ब्रिज के उत्तरी हिस्से को इसी साल 26 फरवरी को खोल दिया गया था। BMC ने आंशिक रूप से अलाइनमेंट वर्क पूरा करके बर्फीवाला फ्लाइओवर के ऊत्तरी हिस्से को 4 जुलाई को शुरू किया था। इस फ्लाइओवर के दक्षिणी हिस्से का काम भी जल्द शुरू होगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article