Jabalpur News: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले से एक बड़ा हादसा सामने आया है। मझौली थाना क्षेत्र में नवरात्र पर्व के बाद बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान बिजली का तार गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। करंट की चपेट में आने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। इस घटना से लोगों में पुलिस-प्रशासन के प्रति रोष है और सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। इस घटना ने स्थानीय प्रशासन की लापरवाही को फिर उजागर कर दिया है।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना रात लगभग 12:04 बजे की है। सिविल लाइन पाथ से 50 से अधिक लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में दुर्गा प्रतिमा लेकर नरीली तालाब में विसर्जन के लिए जा रहे थे। रास्ते में लटक रहे हाई-वोल्टेज बिजली के तार को निकालने के लिए कुछ लोगों ने डंडे से ऊपर उठाने की कोशिश की। इसी दौरान तार ऊपर से गुजर रही हाई-टेंशन लाइन से छू गया, जिससे तार टूटकर सीधे ट्रैक्टर-ट्रॉली पर जा गिरा।
दो की मौत, एक की हालत गंभीर
एसडीओपी मोहंती मरावी ने बताया कि ट्रैक्टर पर बैठे विकास राजपूत (22) और प्रिंस चौहान (23) की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक की हालत नाजुक बनी हुई है।
अधिकारियों की लापरवाही पर भड़के ग्रामीण
हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने गुरुवार सुबह मझौली में सड़क जाम कर विरोध जताया। ग्रामीणों का आरोप है कि कार्यक्रम से पहले पुलिस, प्रशासन और आयोजन समिति की बैठक में लटकते हुए बिजली के तारों की शिकायत की गई थी और उन्हें ठीक कराने का आग्रह किया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
