Mumbai News: मुंबई के बोरीवली रेलवे स्टेशन से एक महिला ड्रग्स स्मगलर को गिरफ्तार किया है। आरपीएम और जीआरपी की सतर्कता से इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। आरोपी को चलती ट्रेन से पकड़ा गया है। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से ड्रग्स तस्करी के मामलों में फरार चल रही थी। ओरीपी के पास से सवा दो करोड़ रुपये से अधिक कीमत का कोकीन और अन्य मादक पदार्थ भी बरामद किए गए हैं।
बोरीवली रेलवे स्टेशन पर नियमित जांच के दौरान आरपीएफ और जीआरपी की टीमों को एक महिला पर शक हुआ। उसके सामान की तालशी के दौरान महिला के पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किए गए। जब्त किए गए ड्रग्स की कीमत करीब 2 करोड़ 19 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कि आरोपी महिला मिजोरम की रहने वाली है।
एनसीबी बेंगलुरु की वांटेड आरोपी
मामले की जांच के दौरान सामने आया कि गिरफ्तार महिला एनसीबी बेंगलुरु की वांटेड आरोपी थी। वह ड्रग्स तस्करी के मामलों में लंबे समय से फरार चल रही थी। इस मामले में आरपीएफ और जीआरपी द्वारा प्राथमिक कार्रवाई की गई। जिसके बाद एनसीबी बेंगलुरु की टीम ने आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर अपने कब्जे में ले लिया। इस मामले में आगे की जांच एनसीबी बेंगलुरु द्वारा की जाएगी।
RPF, GRP मुंबई और NCB बेंगलुरु का ज्वाइंट ऑपरेशन
एनसीबी बेंगलुरु द्वारा आरोपी महिला से ड्रग्स तस्करी के पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी। माना जा रहा है कि इस गिरफ्तारी से देश के अन्य हिस्सों में फैले ड्रग्स रैकेट के अहम राज सामने आ सकते हैं। इस संयुक्त ऑपरेशन में आरपीएफ, जीआरपी मुंबई और एनसीबी बेंगलुरु की टीमों की अहम भूमिका रही। इस सराहनीय कार्रवाई के लिए उन्हें बधाई दी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों की इस कार्रवाई से ड्रग्स तस्करी को बड़ा झटका लगा है।
