पंजाब की भगवंत मान सरकार ने राज्य में अपराध और गैंगस्टरों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए एक कड़ा संदेश दिया है। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि पंजाब पुलिस ने बीते महज 6 महीनों के भीतर दुनिया के अलग-अलग देशों से 17 कुख्यात गैंगस्टरों को भारत वापस लाने में सफलता हासिल की है। उन्होंने दावा किया कि जो काम पिछली सरकारें दशकों में नहीं कर सकीं, वह मान सरकार ने कर दिखाया है।
'गैंगस्टरां ते वार' मुहिम के तहत 2,162 भगोड़े गिरफ्तार
कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने पुलिस की कार्रवाई के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि सरकार द्वारा शुरू की गई ऐतिहासिक ‘गैंगस्टरां ते वार’ मुहिम के तहत पुलिस बल को खुली छूट दी गई है। 20 जनवरी से 7 नवंबर 2026 के बीच पंजाब पुलिस ने राज्य भर में 1,61,266 रेड (छापे) मारी हैं और 2,162 भगोड़ों को गिरफ्तार किया है। हांगकांग से रमनजीत सिंह रोमी, मालदीव से अमृत सिंह, जर्मनी से प्रभप्रीत सिंह, यूएई से परमिंदर सिंह पिंडी, इंडोनेशिया से सज्जन महेश व सुखदेव कुमार, मलेशिया से अजय, पवनदीप व जसप्रीत और कनाडा से करमबीर सिंह देओल समेत 17 अपराधियों को अलग-अलग देशों से डिपोर्ट कराया गया है।
इथियोपिया से लाया गया 5 लाख का इनामी गैंगस्टर गुरविंदर सिंह
चीमा ने हालिया सबसे बड़ी सफलता का जिक्र करते हुए बताया कि 7 नवंबर 2026 को पंजाब पुलिस ने इथियोपिया से गुरविंदर सिंह उर्फ अफरीदी को सफलतापूर्वक डिपोर्ट कराया है।अफरीदी पर 30 से ज्यादा गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिसमें सरपंच राजविंदर सिंह, 12 साल के मासूम गुरसेवक सिंह, विक्की चुग, जसवंत सिंह और कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष गुरमेल सिंह की हत्याएं शामिल हैं। उस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह उत्तर प्रदेश से फर्जी पासपोर्ट बनवाकर पहले यूएई और फिर इथियोपिया भाग गया था।
विपक्षी दलों और भाजपा पर तीखा हमला
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हरपाल चीमा ने विपक्षी पार्टियों को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि पंजाब में गैंगस्टर कल्चर अकाली-भाजपा गठबंधन की सरकारों के दौरान पैदा हुआ और बढ़ा, जबकि कांग्रेस शासन के दौरान इसे फलने-फूलने का पूरा मौका मिला। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि गैंगस्टर अफरीदी ने भाजपा शासित उत्तर प्रदेश से नकली पासपोर्ट कैसे बनवा लिया? भाजपा को जवाब देना चाहिए कि क्रिमिनल उनके राज्यों से कैसे काम कर रहे हैं। वहीं गुजरात की साबरमती जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई को लेकर भी सवाल उठने चाहिए कि वहां से धमकी भरे कॉल कैसे किए जा रहे हैं।
