शहर

तरबूज निकला बेकसूर, फिर कैसे हुई मुंबई के परिवार की मौत? जांच में आया नया मोड़

मुंबई में एक परिवार के चार लोगों की संदिग्ध मौत के मामले में FDA जांच में खाने और खासकर तरबूज में कोई मिलावट नहीं मिली। अब फोरेंसिक रिपोर्ट से मौत की असली वजह सामने आएगी। फिलहाल सभी एंगल से मामले की जांच जारी है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Mumbai Family Death Case: मुंबई में एक ही परिवार के चार सदस्यों की रहस्यमयी मौत के मामले में जांच ने नया मोड़ ले लिया है। FDA की रिपोर्ट में खाने, और तरबूज में किसी तरह की मिलावट नहीं मिली है। जिसके बाद अब जांच का फोकस बैक्टीरिया या जहर की आशंका पर है। चारों की मौत खाना खाने के बाद हुई। अब फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का पता चल सकेगा। इस मामले में पुलिस और जांच एजेंसियां हर एंगल से जांच कर रही हैं।

खाने में कोई मिलावट नहीं मिली

प्रारंभिक जांच में संदेह था कि खाने में मिलावट की वजह से चारों की मौत हुई, लेकिन अब FDA (फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन) की रिपोर्ट आने के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में पता चला कि घर से लिए गए खाने के सैंपल में किसी तरह की मिलावट, जैसे आर्टिफिशियल रंग या स्वीटनर नहीं पाए गए हैं। इस मामले में तरबूज को मौत की वजह माना जा रहा था, लेकिन उसमें भी कोई मिलावट नहीं मिली है।

हालांकि, अभी भी मामले की जांच पूरी नहीं हुई है। FDA अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि उनकी जांच केवल खाने में मिलावट पता करने तक सीमित होती है। वे बैक्टीरिया या अन्य जहरीले पदार्थों की जांच नहीं करते। इस कारण संभावना जताई जा रही है कि किसी बैक्टीरिया या जहर के कारण यह घटना हुई हो। अब फोरेंसिक टीम इन पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।

तरबूज खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार, डोकाडिया परिवार शनिवार रात को एक दावत पर गया था, जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और एक-एक कर चारों की मौत हो गई। मृतकों में अब्दुल्ला डोकडिया (44), उनकी पत्नी नसरीन (35) और उनकी दो बेटियां आयशा (16) और जैनब (12) शामिल हैं। बताया जा रहा है कि रात करीब 1 बजे उन्होंने तरबूज खाया था, जिसे बाद उनकी हालत बिगड़ी थी।

मामले की जांच के लिए घर से तरबूज, खजूर, पानी, पुलाव-बिरयानी, कच्चा चावल और मसालों के सैंपल लिए गए थे। जिनमें से अधिकतर सैंपल सामान्य मिले हैं। पानी के सैंपल की रिपोर्ट साफ नहीं पाई गई है, जबकि मांस के सैंपल को अलग लैब में जांच के लिए भेजा गया है। फिलहाल असली वजह का पता फोरेंसिक रिपोर्ट से ही चल सकेगा। विशेषज्ञ अब शरीर के सैंपल की जांच कर रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या किसी तरह के जहर या बैक्टीरिया के कारण उनकी मौत हुई है। यह पूरी घटना अभी भी रहस्य बनी हुई है और जांच जारी है।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article