Mumbai Dating App Fraud News: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के देवनार इलाके से ऑनलाइन डेटिंग ऐप के जरिए ब्लैकमेलिंग और लूटपाट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित एक निजी फर्म में काम करने वाले 31 वर्षीय प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर के साथ डेटिंग ऐप पर मिले व्यक्ति और उसके साथियों ने दरिंदगी की। पीड़िता को देवनार के एक सुनसान इलाके में बुलाकर चाकू की नोक पर कपड़े उतरवाए गए, उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें व वीडियो बनाए गए और फिर ड्रग केस में फंसाने की धमकी देकर ऑनलाइन माध्यम से ₹50,000 वसूल लिए गए।
चाकू की नोक पर मारपीट और ब्लैकमेलिंग का खेल
HT की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस जांच में सामने आया कि शिवाजी नगर निवासी पीड़ित युवक ने 30 जुलाई को एक डेटिंग एप्लीकेशन पर एक अन्य व्यक्ति से संपर्क साधा था। नंबरों के आदान-प्रदान और बातचीत के बाद दोनों ने देवनार के एक शांत स्थान पर मिलने का फैसला किया। : मुलाकात के दौरान ही कुछ अज्ञात लोग मौके पर पहुंचे और पीड़िता को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने युवक को जबरन निर्वस्त्र कर दिया, उसके साथ मारपीट की और फिर फोन में उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए।
आरोपियों ने धमकी दी कि यदि उसने पैसे नहीं दिए तो उसे नशीले पदार्थों की तस्करी के झूठे मामले में फंसा दिया जाएगा। डर के मारे पीड़ित ने ऑनलाइन बैंक ट्रांसफर के जरिए 50,000 रुपये आरोपियों को भेजे।
पुलिस का खुलासा- समलैंगिकता के डर का फायदा उठाया
देवनार पुलिस ने पीड़ित प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर की शिकायत पर मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 115 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 127 (गलत तरीके से बंधक बनाना), 309 (लूट), 311 (हत्या या गंभीर चोट के प्रयास के साथ लूट/डकैती) और 351 (आपराधिक धमकी) के साथ-साथ आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस का मानना है कि पीड़ित का डेट भी इस पूरे गिरोह में शामिल था। यह गिरोह डेटिंग ऐप्स पर पुरुषों को फंसाता था और इस उम्मीद में लूटपाट करता था कि पीड़िता सामाजिक बदनामी और समलैंगिक (Gay) टैग के डर से पुलिस के पास नहीं जाएगी। अपील- ऑनलाइन साथी तलाशते समय सावधान रहें।
