शहर

मुंबई एयरपोर्ट पर मौसम की मार, 17 फ्लाइट रद्द, 217 लेट

मुंबई में लगातार बारिश का असर छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) पर भी पड़ा है। 6 जुलाई को रात 12 बजे से सुबह 11:30 बजे तक 17 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि 217 उड़ानें (आगमन और प्रस्थान) देरी से संचालित हुईं।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब हवाई यातायात पर दिखाई देने लगा है। खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण सोमवार को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) पर उड़ानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित रहा। इस दौरान कई फ्लाइट रद्द करनी पड़ी, जबकि दर्जनों उड़ानों का समय बदलना पड़ा। जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई।

17 उड़ानें रद्द, 217 फ्लाइट देरी से संचालित

जानकारी के अनुसार, 6 जुलाई को रात 12 बजे से सुबह 11:30 बजे तक 17 उड़ानें कैंसिल कर दी गईं। वहीं आगमन और प्रस्थान मिलाकर 217 उड़ानें देरी से संचालित हुईं। लगातार बारिश और खराब विजिबिलिटी के कारण एयर ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ। यात्रियों को सलाह दी गई है कि एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांच लें।

बारिश से रेल सेवाओं पर भी असर

भारी बारिश और लैंडस्लाइड के कारण मुंबई-पुणे रेल मार्ग भी प्रभावित हो गया। कर्जत-लोनावला के भोर घाट सेक्शन में कई स्थानों पर मलबा आने के कारण रेल संचालन रोकना पड़ा। मध्य रेलवे के अनुसार, ठाकुरवाडी और खंडाला-मंकी हिल के बीच तीनों रेलवे लाइन प्रभावित हुई हैं। इसके चलते इंद्रायणी एक्सप्रेस, डेक्कन क्वीन, डेक्कन एक्सप्रेस, प्रगति एक्सप्रेस और इंटरसिटी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। वहीं कई लंबी दूरी की ट्रेनों को डायवर्ट किया गया या उनके समय में बदलाव किया गया है। रेलवे की टीमें लगातार मलबा हटाकर ट्रैक बहाल करने में जुटी हैं।

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे भी बंद

लगातार बारिश, जलभराव और भूस्खलन के कारण मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और पुराना मुंबई-पुणे हाईवे भी प्रभावित हुआ है। सुरक्षा के मद्देनजर दोनों मार्गों पर यातायात अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। मावल और ताम्हिणी घाट में बाढ़ जैसी स्थिति के कारण वैकल्पिक रास्तों पर भी आवाजाही प्रभावित हुई है। लगातार बारिश को देखते हुए राहत और बचाव एजेंसियां भी अलर्ट मोड पर हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article