शहर

मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ी तस्करी नाकाम; 3 करोड़ की विदेशी मुद्रा और हीरे जब्त, 6 गिरफ्तार

मुंबई एयरपोर्ट पर डीआरआई ने एक बड़े तस्करी प्रयास को नाकाम कर दिया, जिसमें करीब 3 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा और हीरे जब्त किए गए। जानकारी के अनुसार, इन सामानों को हैंडबैग की छिपी हुई फॉल्स कैविटी में ले जाया जा रहा था। इस मामले में यात्री, हैंडलर और हवाला ऑपरेटर सहित कुल 6 लोग गिरफ्तार किए गए हैं।

Image

मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ी तस्करी का खुलासा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Mumbai News: मुंबई एयरपोर्ट पर राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने एक बड़ी तस्करी की कोशिश को विफल कर दिया है। कार्रवाई के दौरान करीब 3 करोड़ रुपये कीमत के डॉलर, पाउंड और हीरे जब्त किए गए। जानकारी के अनुसार, विदेशी मुद्रा और हीरे हैंडबैग के अंदर छिपाकर खास फॉल्स कैविटी में ले जाए जा रहे थे। इस मामले में कुल 6 लोग गिरफ्तार किए गए हैं, जिनमें यात्री, एक हैंडलर और एक हवाला ऑपरेटर शामिल हैं।

तस्करी नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी

डीआरआई से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों के पास इन संपत्तियों को घोषित करने के लिए कोई वैध दस्तावेज नहीं थे। जब्त की गई मुद्रा और हीरे कस्टम्स एक्ट 1962 के तहत कब्जे में ले लिए गए हैं। ऐसे में डीआरआई ने साफ तौर से कहा है कि भारत की आर्थिक सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने वाले हवाला और तस्करी नेटवर्क के खिलाफ उनकी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

मुंबई के गोवंडी और बोरीवली में आग लगने की घटनाएं

वहीं, शनिवार सुबह मुंबई के गोवंडी और बोरीवली क्षेत्रों में दो अलग-अलग आग की घटनाएं हुईं। गोवंडी में न्यू गौतम नगर इलाके के पीएल लोखंडे मार्ग पर स्थित एक लकड़ी के गोदाम में आग लग गई। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल पर आग बुझाने के लिए कम से कम चार दमकल गाड़ियां भेजी गईं और तीन घंटे की कड़ी मेहनत के बाद, सुबह 8:40 बजे शुरू हुई आग को 11:35 बजे पूरी तरह नियंत्रित किया गया।

बोरीवली (पश्चिम) की एमएचबी कॉलोनी स्थित आठ मंजिला आवासीय इमारत ’प्रथमेश टावर’ में शनिवार सुबह 10:55 बजे एसी डक्ट में आग लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां, मुंबई पुलिस, अदाणी इलेक्ट्रिसिटी टीम और वार्ड स्टाफ मौके पर पहुंच गए। कड़ी मशक्कत के बाद आग को लगभग एक घंटे में, यानी सुबह 11:50 बजे पूरी तरह काबू में कर लिया गया। राहत की बात यह रही कि, इन दोनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं मिली है।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article