शहर

MP Accident: नर्मदापुरम में रेलिंग तोड़कर नहर में गिरी कार, तीन युवकों की मौत

नर्मदापुरम के इटारसी स्थित पथरौटा नहर पर तेज रफ्तार कार हादसे का शिकार हो गई। कार रेलिंग को तोड़कर नहर में गिर गई, जिससे तीन युवकों की मौत हो गई। कार में शराब की बोतल मिलने से नशे में ड्राइविंग की आशंका जताई जा रही है।

Image

नर्मदापुरम में दर्दनाक हादसा

MP Accident News: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में भोपाल-बैतूल पुराने हाईवे पर देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। जहां एक तेज रफ्तार कार रेलिंग को तोड़ते हुए नहर में गिर गई। इस हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई। जांच के दौरान कार से शराब की बोतल भी बरामद हुई है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि युवक शराब के नशे में वाहन चला रहे थे। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा इटारसी थाना क्षेत्र में पथरौटा नगर के पास हुई। आई-20 कार बीती रात करीब 12 बजे केसला की ओर से इटारसी की तरफ जा रही थी। तभी पथरौटा नहर के पास गाड़ी अनियंत्रित हो गई और रेलिंग तोड़ते हुए सीधे पानी में जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार काफी तेज थी। हादसे के बाद कार में सवार युवकों के चिल्लाने की भी आवाज सुनाई दी। कुछ लोगों ने उन्हें कार से बाहर निकालने के लिए मदद की कोशिश भी की, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए।

रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए पहुंची NDRF टीम

घटना की सूचना मिलते ही इटारसी और पथरौटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही एनडीआरएफ नर्मदापुरम की टीम भी को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। जिसके बाद करीब डेढ़ से दो घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला और कार को नहर से बाहर निकाला गया। लेकिन तीनों युवकों की जान नहीं बच सकी। उनके शव कार के अंदर से बरामद हुए। मृतकों में से एक युवक ग्राम रैसलपुर का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि अन्य दो की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए इटारसी के सरकारी अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस की टीम हादसे की विस्तृत जांच में जुटी हुई है। पुलिस नहर के पास स्थित ढाबों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article