शहर

रीवा मेडिकल कॉलेज में प्रसूता की मौत पर सरकार हुई सख्त, जांच के लिए उच्चस्तरीय कमेटी गठित; 3 दिन में सौंपनी होगी रिपोर्ट

रीवा मेडिकल कॉलेज में 26 अगस्त को प्रसूता कल्पना मिश्रा की मौत के मामले में मध्य प्रदेश सरकार ने 5 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। कमेटी 3 दिनों में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

Image

कल्पना मिश्रा मौत मामले में 5 सदस्यीय जांच कमेटी गठित

Rewa News: रीवा स्थित शासकीय मेडिकल कॉलेज में प्रसूता (गर्भवती महिला) की मौत के मामले को मध्य प्रदेश सरकार ने गंभीरता से लिया है। राज्य सरकार ने इस घटना की गहन जांच कराने के आदेश जारी करते हुए परिस्थितियों की निष्पक्ष समीक्षा के लिए 5 सदस्यीय विशेष जांच समिति का गठन किया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM), मध्य प्रदेश द्वारा जारी आदेश के अनुसार, रीवा जिले के ग्राम हतवा निवासी अमित मिश्रा की पत्नी कल्पना मिश्रा की 26 अगस्त 2026 की रात 11:55 बजे रीवा मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। प्रसव के दौरान हुई मृत्यु के इस संवेदनशील मामले में इलाज की प्रक्रियाओं और संभावित लापरवाही के बिंदुओं की जांच की जाएगी।

5 सदस्यीय जांच समिति में कौन-कौन शामिल हैं?

जांच समिति की अध्यक्षता लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग (DoPH&ME), मध्य प्रदेश की स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ (OBGY) तथा निदेशक (विनियमन एवं नीति) डॉ. बीनू कुशवाहा करेंगी। समिति में शामिल अन्य विशेषज्ञ सदस्यों में डॉ. जी. एस. परिहार, क्षेत्रीय निदेशक (RD), स्वास्थ्य सेवाएं, रीवा संभाग, डॉ. भगवान सिंह यादव, सह-प्राध्यापक (पैथोलॉजी विभाग) एवं इन-चार्ज ब्लड बैंक, नेताजी सुभाष चंद्र बोस (NSCB) मेडिकल कॉलेज, जबलपुर, डॉ. श्वेता सिरसीकर, सह-प्राध्यापक (स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग), NSCB मेडिकल कॉलेज, जबलपुर और डॉ. पंकज बुधौलिया, उप निदेशक (मातृ स्वास्थ्य), राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM), मध्य प्रदेश शामिल हैं।

3 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने के सख्त निर्देश

जारी आदेश के मुताबिक, जांच समिति को मामले से जुड़े सभी दस्तावेजों, इलाज के प्रोटोकॉल और मेडिकल कॉलेज के स्टाफ के बयानों की समीक्षा कर अपनी विस्तृत रिपोर्ट 3 दिनों के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। यह रिपोर्ट आयुक्त (लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा) और प्रबंध संचालक (NHM) को सौंपी जाएगी। इस जांच समिति के गठन के आदेश को आयुक्त (लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा) द्वारा मंजूरी दी गई है, जिसे राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM), मध्य प्रदेश की मिशन संचालक डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा जारी किया गया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!